मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में सपा की बहुमत की सरकार है, इसलिए हमारी ज्यादा घेराबंदी होती है। हमारे अच्छे फैसलों की भी आलोचना होती है।
यूपी सरकार ने जितने काम किए हैं, उतने देश की किसी और राज्य सरकार ने नहीं किए। तीन जिला मुख्यालयों, नोएडा, गाजियाबाद और लखनऊ में मेट्रो पर काम चल रहा है। नई सड़कें बन रही हैं।
अखिलेश ने पूछा, इतनी योजनाएं और कहां?
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे अपने संसाधनों से बनाया जा रहा है। कन्या विद्या धन, लैपटॉप, बेरोजगारी भत्ता कहां मिला, 102 और 108 एंबुलेंस इतनी संख्या में कहां चल कही हैं।
चुनाव घोषणापत्र को लागू किया, समाजवादी सिद्धांत को आगे बढ़ाया। हिंदी, उर्दू को बढ़ावा दिया, हिंदी साहित्यकारों के साथ ही संस्कृत, उर्दू विद्वानों को भी सम्मान दिया।
यूपी ने रोजगार में अच्छा काम किया
वहीं सपा के प्रदेश प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने कहा था कि रोजगार अवसरों के मामले में उत्तर प्रदेश देश में पहले नंबर पर है।
भारत सरकार के सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय की छठी आर्थिक गणना रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है।
इस रिपोर्ट के अनुसार जनवरी 2013 से अप्रैल 2014 के बीच उप्र ने रोजगार के मामले में अच्छा काम किया है।
रोजगार देने में पांच राज्य शीर्ष पर
प्रदेश में 75 प्रतिशत कर्मचारियों को अधिक रोजगार मिला। रोजगार वृद्धि की दृष्टि से पांच राज्य शीर्ष पर हैं। इनमें यूपी पहले नंबर पर है।
प्रदेश में रोजगार वृद्धि का 75.26 प्रतिशत रिकॉर्ड दर्ज है जबकि गुजरात में 56.47, आंध्र में 27.46, महाराष्ट्र में 36.54 और तमिलनाडु में यह वृद्धि दर 13.22 प्रतिशत मानी गई है।