समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा बूथ पर साजिश करने में जुटी हुई है। भाजपा संविधान का सम्मान नहीं करती है। वह लोकतंत्र के साथ ठगी करने की रणनीति बना रही है। दूसरे राज्यों से आरएसएस के कार्यकर्ताओं को गांव-गांव पहुंचाया जा रहा है, ताकि बूथ स्तर पर षड्यंत्र किया जा सके।
पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सपा अध्यक्ष ने कहा कि समाजवादी पार्टी को उत्तर प्रदेश में भारी बहुमत का जनसमर्थन प्राप्त हो रहा है। इसी से भयभीत होकर भाजपा लोकतांत्रिक व्यवस्था की पवित्रता नष्ट करना चाहती है।
भाजपा का यह कृत्य भारतीय संविधान और जनभावनाओं के विरुद्ध है। भाजपा सरकार ने राज्य में न सिर्फ अराजकता पैदा की है बल्कि राज्य का विकास रोककर महापाप किया है। भाजपा जनादेश को छल कपट से अपमानित करने पर तुली हुई है।