समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सपा-बसपा के गठबंधन की संभावना पर कहा कि कुछ ताकतें ऐसा होने नहीं देंगी। वे नहीं चाहतीं कि प्रदेश में सपा और बसपा करीब आएं। पहले भी उन्होंने दोनों दलों का गठबंधन तुड़वाया था। उन्होंने कहा कि भाजपा के खिलाफ बनने वाले गठबंधन में सपा अहम भूमिका निभाएगी।
अखिलेश यादव ने शुक्रवार को यहां एक कार्यक्रम में कहा कि यूपी के चुनाव पर देश भर की नजरें थीं। लोगों को हम समझाते रहे और भाजपा वाले बहकाते रहे। सरकार संयुक्त राष्ट्र में कहती है कि जाति-धर्म के नाम पर भेदभाव नहीं होगा लेकिन यूपी के चुनाव में इसकी खूब धज्जियां उड़ीं।
हम कहते रहे कि काम बोलता है, वे श्मशान और कब्रिस्तान की बात करते रहे। हमने 18 लाख लैपटॉप बांटे, नौकरियां दीं, वे कहते रहे कि सब कुछ यादव और मुस्लिमों को दे दिया।
अखिलेश ने कानून-व्यवस्था पर प्रदेश की भाजपा सरकार को कठघरे में खड़ा किया। हालांकि यह भी माना कि सरकार के कामकाज के आकलन के लिए 47 दिन पर्याप्त नहीं हैं। अभी बजट नहीं आया, कोई नई पॉलिसी नहीं आई, सरकार को मौका मिलना चाहिए।
सहारनपुर की घटना योगी सरकार के लिए परीक्षा
- फोटो : amar ujala
उन्होंने कहा कि सहारनपुर की घटना सरकार की परीक्षा है। एक सांसद और विधायक ने एसएसपी के आवास पर कब्जा किया। नेम प्लेट तोड़ी, एक अधिकारी की गाड़ी तोड़ी। देखना है सरकार इस परीक्षा में पास होती है या नहीं।
अखिलेश ने कहा कि भाजपा ने चुनाव में जैसे लोगों को हिंदू-मुस्लिम में बांटा, वैसे ही कर्जमाफी पर किसानों को बांट दिया। हिसाब लगा लेना कितने लोगों का कर्ज माफ हो रहा है।
उन्होंने सीमा पर सैनिकों की शहादत का मामला भी उठाया। कहा, सीमा पर कौन शहीद हो रहा है? राहुल गांधी से दोस्ती पर कहा कि यह लंबी चलेगी। राष्ट्रपति के चुनाव पर बोले, कुछ नेताओं से बातचीत हुई है लेकिन इसके बारे में बताऊंगा नहीं।
नेताजी ने कहा था- मेरा बेटा है, बचकर रहना
योगी आदित्यनाथ सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में मुलायम सिंह यादव ने पीएम नरेंद्र मोदी के कान में क्या कहा था, अखिलेश यादव ने हल्के-फुल्के अंदाज में इसका खुलासा कर दिया। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, नेताजी ने कहा था-मोदीजी, बचकर रहना, यह मेरा बेटा है।