मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अच्छे दिन लाने वालों ने आपके साथ क्या किया? उन्होंने तो सभी को लाइन में खड़ा कर दिया। नोटबंदी से अभी उतना नुकसान नहीं दिख रहा है। लेकिन उन मजदूरों से पूछिए जो नोएडा, गाजियाबाद व मुंबई की फैक्ट्रियों में नौकरी कर रहे थे और काम छोड़कर वापस आ गए हैं। बहुत सारे लोगों की नौकरी भी चली गई। जो कारोबार तेजी से बढ़ रहा था वह ठप हो गया। देश वही खुशहाल होता है जहां के लोग खुश रहते हैं। इकोनॉमी को रफ्तार देनी है तो लोगों के बीच से डर निकालना होगा। डर पैदा करेंगे तो अर्थव्यवस्था और पीछे चली जाएगी।
विज्ञापन
2 of 6
मुख्यमंत्री शुक्रवार को लोकभवन में मेधावी छात्र-छात्राओं को लैपटॉप वितरण समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने कहा, केंद्र सरकार ने तो नोट को ही रद्दी बना दिया। बहुत से परिवारों को अपने बच्चों की गुल्लक तक तोड़नी पड़ी। जब से कम्प्यूटर शिक्षा व आईटी सेक्टर बढ़ा है तबसे देश दुनिया में बदलाव तो बहुत हुआ है लेकिन इससे डिजिटल डिवाइड और बढ़ता जा रहा है। समाजवादियों ने इसी डिजिटल डिवाइड को कम किया है। हमने लैपटॉप को गरीब बच्चों के हाथों व गांव-गांव तक पहुंचा दिया। गरीबों के अंदर लैपटॉप व कम्प्यूटर को लेकर जो डर होता था उसे भी हमने दूर किया है। इससे न सिर्फ युवा सीख रहे हैं बल्कि उनके माता-पिता व भाई-बहन भी सीख रहे हैं।
विज्ञापन
3 of 6
सीएम ने कहा, लैपटॉप के बाद हम स्मार्ट फोन देने जा रहे हैं। इसके लिए एक करोड़ लोगों ने पंजीकरण कराया है। हम इसे इसलिए दे रहे हैं ताकि आम लोग सरकार से जुड़ जाएं। सरकार के काम आमजन तक पहुंच सकें। बहुत सारे एप भी आ रहे हैं। उन्होंने कहा, हम दूसरे लोगों से बहुत आगे हैं। लखनऊ तो वैसे भी काफी आगे जा रहा है। आपको तो मेट्रो भी मिल गई और लैपटॉप भी मिल गया। आपको सोचना होगा कि दूसरे लोगों ने आपको क्या दिया। हाथी वाली पार्टी ने आपको क्या दिया, उन्होंने तो पत्थर का टुकड़ा भी नहीं दिया।
4 of 6
मुख्यमंत्री ने कहा, कुछ लोग कहते हैं कि जाति व धर्म से डेमोक्रेसी चलती है, लेकिन हम कहते हैं कि जाति व धर्म के साथ विकास से डेमोक्रेसी चलती है। समाजवादियों ने उप्र में बदलाव लाने का काम किया है। संतुलन बनाकर काम किया है। शहरों का विकास किया तो किसानों का भी विकास किया।
विज्ञापन
5 of 6
250 छात्र-छात्राओं को मिले लैपटॉप
समारोह में 250 मेधावी छात्र-छात्राओं को लैपटॉप दिए गए। इनमें यूपी बोर्ड, सीबीएसई, आईसीएसई, मदरसा बोर्ड व संस्कृत के मेधावी बच्चे शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने इनमें से 25 युवाओं को अपने हाथों से लैपटॉप दिया।
प्रमोद तिवारी को साथ लेकर आए
मुख्यमंत्री अखिलेश लैपटॉप वितरण समारोह में अपने साथ कांग्रेस के राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी को साथ लेकर आए। कहा कि मैं प्रमोद तिवारी जी को जबरदस्ती पकड़कर साथ लाया हूं। हालांकि यह हमें छोड़कर बड़ी जगह उच्च सदन चले गए हैं। दरअसल, मुख्यमंत्री दिल्ली में एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने गए थे। वहां से प्रमोद तिवारी को अपने साथ लेकर चले आए। सीएम ने लोकभवन आने पर प्रमोद तिवारी का आभार भी जताया।