फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अखिलेश ने भाजपा के खिलाफ जनता से अपील कर मांगा समर्थन, कहा- सबक सिखाने का मौका

Tue, 14 Nov 2017 10:12 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
सपा मुखिया अखिलेश यादव - फोटो : amar ujala
विज्ञापन
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने निकाय चुनाव के लिए अपील जारी कर जनता से समर्थन मांगा है। मंगलवार को यहां जारी अपील में उन्होंने कहा, लोगों के लिए यह फैसला करने का सही मौका है कि वे सपा के उत्तम विकास कार्यों तथा जनकल्याण योजनाओं को आगे बढ़ाना चाहते हैं अथवा भाजपा की विकास विरोधी नीति व सोच को फलने-फूलने देना चाहते हैं।
विज्ञापन


कहा कि छल-फरेब से 2017 का विधानसभा चुनाव जीतने वाली भाजपा को निकाय चुनाव में पाठ पढ़ाने का मौका है। ये नतीजे लोकसभा चुनाव- 2019 की दिशा भी तय करेंगे। इसलिए लोगों को बहुत सोच-विचारकर मतदान करना चाहिए। उन्होंने सपा उम्मीदवारों को वोट देने की अपील की।

अखिलेश ने कहा, विधानसभा चुनाव में प्रधानमंत्री मोदी ने सभी किसानों की ऋण माफी का वादा करके लोगों से वोट लिए। पर, ऋण माफी इतनी चालाकी से लागू की गई कि बहुत से किसान वंचित रह गए। एक से सात रुपये तक के चेक देकर किसानों का मजाक उड़ाया गया। 55 लाख गरीब महिलाओं को 500 रुपये प्रतिमाह मिलने वाली पेंशन बंद कर दी गई।
विज्ञापन


लोहिया आवास के लिए सहायता पर रोक लग गई। जीएसटी से जनता के आर्थिक शोषण व उत्पीड़न का रास्ता खोला गया। गोरखपुर में सैकड़ों बच्चे दवा और ऑक्सीजन की कमी से जान गंवा बैठे। पिछले 8 माह में एक भी नया निर्माण कार्य प्रारम्भ नहीं हो सका। कानून-व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। बलात्कार व हत्याओं की बाढ़ है।
विज्ञापन

अयोध्या, मथुरा व काशी का भी रखा ध्यान

उन्होंने दावा किया कि सपा का रिकॉर्ड विश्वसनीय है। जो वादे किए उसे पूरा किया। जबकि  भाजपा ने अब तक न तो कोई चुनावी वादा पूरा किया और न जनहित की कोई योजना शुरू की। वह सिर्फ  नफरत फैलाकर और समाज को बांटकर वोट बटोरना चाहती है। हमारी सरकार ने अयोध्या, मथुरा-वृंदावन और काशी के साथ कानपुर, इलाहाबाद, आगरा एवं गाजियाबाद में कई बड़ी विकास योजनाएं शुरू की।

लखनऊ में जनेश्वर मिश्र पार्क, जेपी अंतरराष्ट्रीय केंद्र और रिवर फ्रंट बनवाया। सपा मुखिया ने अपनी अपील में आगरा एक्सप्रेस- वे, लखनऊ मेट्रो, इमामबाड़ा, घंटाघर, शाही तालाब, पिक्चर गैलरी और टीलेवाली मस्जिद के जीर्णोद्धार जैसे कामों का जिक्र किया है तो लोकभवन के  निर्माण का उल्लेख भी है। उन्होंने कहा, समाजवादी सरकार ने हर वर्ग की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विकास कार्य कराए।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें