कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय।
- फोटो : amar ujala
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि महाकुंभ में मौनी अमावस्या के नहान के दिन भगदड़ होने से कई लोगों के मृत और घायल होने का समाचार पीड़ादायक है। यह दुखद घटना इस मेले की अव्यवस्था और उत्तरप्रदेश सरकार की नाकामियों को उजागर कर रही है। योगी सरकार ने सारा पैसा सिर्फ अपनी ब्रांडिंग और मार्केटिंग पर खर्च किया ना की महाकुंभ में आए श्रद्धालुओं की व्यवस्था पर, ये इस सरकार की संवेदनहीनता को प्रदर्शित करता है।
हम लगातार ऐसी ही घटना के प्रति सचेत करने की कोशिश कर रहे थे लेकिन शासन -प्रशासन के कान पर जूं तक नहीं रेंगा। दुर्घटना के पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। हम मृतकों के आत्मा की शांति व घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हैं। इसके साथ ही सरकार से यह आग्रह करते हैं कि मृतकों के लिए उचित मुआवजा व घायलों को मुआवजे के साथ मुफ्त इलाज का प्रबंध करे।
आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने कहा कि अत्यंत पीड़ादायक घटना प्रभु से प्रार्थना है आज का दिन सकुशल बीत जाय। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने पवित्र चरणों में स्थान दें, उनके परिजनों को ये अपार कष्ट सहन करने की शक्ति दे।
केजरीवाल की अपील, धैर्य और सावधानी बनाए रखें
आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि महाकुंभ में हुई भगदड़ की घटना बेहद दुखद है। इस हादसे में जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं। ईश्वर उनके परिवारों को यह अपार दुःख सहने की शक्ति दें।
सभी श्रद्धालुओं से विनम्र अपील है कि धैर्य बनाए रखें और सावधानी बरतें। प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और एक-दूसरे की सुरक्षा का ध्यान रखें।