मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आश्वस्त किया है कि केंद्र सरकार की योजनाओं के लिए जमीन दिलाने में राज्य सरकार की तरफ से कोई ढिलाई नहीं की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि यूपी के विकास व जनता के हित के लिए किए जाने वाले कार्यों में वह पूरी तरह से केंद्र सरकार के साथ हैं।
मुख्यमंत्री मंगलवार को अपने सरकारी आवास पर केंद्रीय कपड़ा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संतोष गंगवार से बातचीत कर रहे थे। गंगवार मुख्यमंत्री से मिलने आए थे।
बातचीत में केंद्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री से कहा कि केंद्र सरकार ने फर्रुखाबाद में टेक्सटाइल पार्क खोलने का फैसला किया है।
साथ ही बरेली, लखनऊ, मिर्जापुर, मुरादाबाद और वाराणसी में मेगा लेदर पार्क स्थापित करने का निर्णय किया है। इसके लिए जमीन की जरूरत है। मुख्यमंत्री ने कहा, वह जल्द से जल्द जमीन उपलब्ध कराएंगे।