एक निजी कार्यक्रम में सोमवार शाम लखनऊ के गोमतीनगर विस्तार के सरस्वती अपार्टमेंट पहुंचे मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने टॉप फ्लोर से गोमती रिवर फ्रंट डवलपमेंट और जनेश्वर मिश्र पार्क का नजारा लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि जब गोमती तट सुंदरीकरण का काम पूरा हो जाएगा तब यहां का नजारा देखने लायक होगा।
उन्होंने वादा किया कि गोमती में अतिरिक्त पानी होगा और खूबसूरत तट। जनेश्वर मिश्र पार्क को लेकर मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई है कि इस पार्क को इतना विकसित करवाया जाएगा कि यहां आने वाले लोगों को विदेश में होने का अहसास होगा।
गोमती नगर विस्तार में एक निजी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री गये थे। इसके बाद में वे सरस्वती अपार्टमेंट पहुंचे। यहां वे एक पत्रकार के पेंट हाउस में भी गए। सरस्वती की टॉप फ्लोर पर गये और यहां से उन्होंने तट विकास परियोजना और जनेश्वर मिश्र पार्क का नजारा लिया। उन्होंने कहा कि इस पार्क को विश्व के श्रेष्ठ पार्कों की श्रेणी में ले जाया जाएगा।
करीब ढाई साल पहले जब मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सरस्वती अपार्टमेंट का निरीक्षण किया था तब वे गड़बड़ियों को लेकर बहुत नाराज हुए थे। तब उन्होंने सात एलडीए अधिकारियों को निलंबित कर दिया था।
जिसके बाद में वे सोमवार को सरस्वती अपार्टमेंट पहुंचे। उन्होंने एक बार फिर से सभी लोगों को आश्वस्त किया कि सरस्वती अपार्टमेंट सहित रिवर व्यू के सभी अपार्टमेंट में कोई कमी नहीं रखी जाएगी। सीएम अखिलेश यादव ने कहा िक एलडीए को सभी अपार्टमेंट सुधार करने के लिए सख्त निर्देश जारी किये जाएंगे।