सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा है कि जनता को गुमराह करने के लिए प्रदेश सरकार झूठ पर झूठ बोले जा रही है। यहां तक कि चंद महीने शेष रहने के बावजूद सदन तक में छात्रों को एक करोड़ टैबलेट देने का वादा कर दिया जबकि सच्चाई यह है कि चुनावी संकल्प पत्र तक के वादों को सरकार ने पूरा नहीं किया।
अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार का मुफ्त लैपटॉप और मुफ्त जीबी देने का वादा पूरा नहीं हुआ। विवेकानंद इंटरनेट सेवा का पता नहीं। किसान की आय दोगुनी नहीं हुई। नौजवान रोजगार के लिए भटक रहे हैं। कहा कि लोगों को भटकाने के लिए भाजपा कुछ भी कर सकती है। अपने पिछले बजट का 20 प्रतिशत भी खर्च न कर पाने वाली भाजपा सरकार अनुपूरक बजट लाई है ताकि समाज के विभिन्न वर्गों को कुछ न कुछ देने का बहाना देकर भ्रमित किया जा सके।
विकास का तो कहीं दर्शन ही नहीं हो रहा है। इंडो नेपाल सीमा पर 640 किलोमीटर सड़क पीडब्लूडी को बनानी है लेकिन 10 साल में मात्र 132 किलोमीटर सड़क बन पाई। दिसंबर 2019 तक 27 प्रतिशत जमीन अधिग्रहीत करने का काम भी नहीं हो पाया। जो सड़क बनी उसकी गुणवत्ता भी संतोषजनक नहीं है। उन्होंने कहा कि स्कूल खुलने जा रहे हैं पर अभी तक प्रदेश के 26 जिलों में यूनिफार्म व बैग खरीद की निविदाएं तक नहीं खोली गई हैं।
अखिलेश ने कहा कि विधानमंडल के समक्ष पेश सीएजी रिपोर्ट में प्रदेश में ऊर्जा क्षेत्र के 11 सार्वजनिक उपक्रमों में बदहाली उजागर हुई है। इनकी संचित हानियां, 162,180.07 करोड़ तक पहुंच गई हैं। फर्रुखाबाद में न खंभा है न तार है। फिर भी लोगों के बिल 90 हजार रुपये तक आ रहे हैं। उज्ज्वला का चूल्हा भी ठंडा पड़ा है। डबल इंजन सरकार सब्सिडी निगल गई है। सिलेंडर पर फिर 25 रुपये की बढ़त से रसोई का बजट ध्वस्त हो गया है। गरीब महिलाओं के लिए पेंशन योजना रोक दी। च जनता अब किसी मुगालते में आने वाली नहीं है।
एमएलसी को पितृशोक
सपा पिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ. राजपाल कश्यप के पिताजी सियाराम कश्यप (71 वर्ष) का शुक्रवार को निधन हो गया। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने उनके निधन पर शोक जताया है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है।