सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा षडयंत्रकारी पार्टी है। भाजपा सरकार लोकतंत्र के विरूद्ध काम कर रही है। भाजपा सरकार साज़िश कर विपक्ष को बांटने की कोशिश में लगी है। निर्दोषों पर झूठे मुकदमें लगाए जा रहे हैं। भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार, अनाचार और अन्याय बढ़ा है। भाजपा झूठ बोलती है। भाजपा सरकार पिछड़ों, दलितों, वंचितों और अल्पसंख्यकों को धोखा दे रही है।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा ने संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर किया हैं। भाजपा ने अपने चुनाव संकल्प पत्र में जो वादे किए थे उन्हें पूरा नहीं किया है। आम जनता को धोखा दिया जा रहा है। किसानों को मुफ्त बिजली, मुफ्त सिंचाई देने की सुविधा हवा.हवाई साबित हुई हैं। किसानों की आय 2022 तक दोगुनी करने का वादा भी पूरा नहीं किया है। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में विकास कार्य सबसे ज्यादा उपेक्षित है। तमाम सरकारी तामझाम के साथ राजधानी में कई निवेश सम्मेलन तो हुए लेकिन उत्तर प्रदेश की बदहाली देखकर कोई पूंजी निवेश नहीं हुआ।
उन्होंने कहा कि भाजपा जातीय जनगणना की मांग पर चुप्पी साधे है। जातीय जनगणना होने से समाज के प्रत्येक वर्ग का विकास में प्रतिनिधित्व तय हो जाता। सबकी भागीदार निश्चित हो जाती। इसी तरह समाजवादी सरकार ने 17 जातियों को अनुसूचित जाति का दर्जा देने की दिशा में जो कदम उठाए थे उन्हें भाजपा सरकार ने विफल कर पिछड़ों और दलितों के साथ अन्याय किया है। सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार समाजवादी पार्टी के नेतृत्व के खिलाफ अभियान चलाने की रणनीति पर काम कर रही है। लेकिन अब भाजपा की कोई साजिश सफल नहीं होगी। समाजवादी पार्टी युवाओं की पार्टी है। वह इसकेहर अभियान को फेल कर देगी।
विधायक के निधन पर जताया शोक
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखीमपुर खीरी के गोला विधानसभा क्षेत्र से विधायक अरविंद गिरि, सपा के पूर्व नगर अध्यक्ष राम शंकर यादव की पत्नी व समाजवादी मजदूर सभा के निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष राम सिंह के दादा राम बरन यादव के निधन पर शोक जताया है। दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की और संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।