राज्य सरकार के प्रवक्ता व कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने कहा कि समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए बेतुके बयान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक ओर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोरोना महामारी के नियंत्रण और मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मुहैया कराने के लिए सभी 18 मंडलों का दौरा किया। वहीं सपा प्रमुख एसी कमरे में बैठकर ट्वीट के जरिये जनता को भ्रमित कर रहे हैं।
सपा अध्यक्ष को आड़े हाथ लेते हुए सिद्धार्थनाथ सिंह ने कहा कि सपा के पास मुद्दे खत्म हो गए हैं। अखिलेश हताशा में अनर्गल बयानबाजी करते हैं। वह वर्षों सेे धरातल पर नहीं उतरे हैं इसलिए उन्हें जमीनी हकीकत का पता नहीं है। अखिलेश तो अपने गांव और संसदीय क्षेत्र तक में लोगों की पीड़ा को जानने नहीं गए । उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में आरएसएस एवं भाजपा के कार्यकर्ता पूरी शिद्दत से साथ लोगों की सेवा में लगे हैं। सेवा भारती ने जगह जगह सेवा कैंप लगाए हैं।