एलयू में अराजकता थम नहीं रही है। कभी परिसर में तो कभी छात्रावास में अराजकतत्वों द्वारा दहशतगर्दी फैलाना जारी है। जानकारी के बाद भी लविवि प्रशासन मौन है। बुधवार को सुभाष छात्रावास में दबंग छात्रों ने कमरे धावा बोल दिया। छात्र की पिटाई की। दहशत फैलाने के लिए असलहे लहराए और हवाई फायरिंग की।
छात्र का आरोप है कि बदमाशों ने कमरे का सामान भी लूट लिया। वहीं पीड़ित छात्र की तहरीर पर पुलिस ने आठ नामजद सहित एक दर्जन से अधिक छात्रों के खिलाफ केस दर्ज कर पड़ताल शुरू कर दी है। विवि से बीकॉम तृतीय वर्ष के छात्र आदित्य राज के मुताबिक वह बुधवार शाम को अपने कमरे में दोस्तों के साथ बैठा था।
इसी बीच परास्नातक प्रथम वर्ष के छात्र शैलेन्द्र सिंह सोनू, बीए तृतीय वर्ष के अनुज सिंह अपने एक दर्जन से अधिक दोस्तों के साथ पहुंचे। बिना कोई बातचीत किए गालियां देते हुए हमला बोल दिया। उसके दोस्तों ने विरोध किया तो असलहा निकाल लिया। सभी जान बचाकर कमरे से बाहर भागे तो पीछा किया। छात्रावास में दहशत फैलाने के लिए दौड़ाना शुरू कर दिया।
आदित्य राज ने आरोप लगाया कि हमलावर छात्रों ने कमरे में तोड़फोड़ और लूटपाट की। गोलियां चलने की आवाज सुनकर छात्रावास के कमरों में मौजूद छात्र दहशत के कारण दरवाजा बंद कर लिया। किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भागे। पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। मौके पर जब तक पुलिस पहुंचती हमलावर फरार हो गए थे। आदित्य का आरोप है हमलावर उसकी सोने की अंगूठी और नगदी भी लूट ले गए।
पुलिस ने शुरू की छापेमारी
डेमो
- फोटो : डेमो पिक
इंस्पेक्टर हसनगंज विमलेश कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित छात्र आदित्य राज ने शैलेन्द्र सिंह सोनू, अनुज सिंह, हर्षित सिंह, अमन बाजपेई, अभिषेक सिंह गोलू, प्रतीक ठाकुर, अवनीश प्रताप सिंह, योग भास्कर सिंह, शिवा सिंह सहित एक दर्जन अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है।
पीड़ित की तहरीर पर सभी आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। वहीं आरोपियों के गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम ने छापेमारी शुरू कर दी है, लेकिन सभी फरार बताए जा रहे हैं। उधर प्रॉक्टर प्रो. विनोद सिंह के मुताबिक वारदात की सूचना मिली है। बृहस्पतिवार को मामले की जांच की जाएगी। आरोपित छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।