विनियमितीकरण की मांग को लेकर प्रदेश के 331 अनुमोदित डिग्री कॉलेजों के शिक्षकों की क्रमिक भूख हड़ताल आखिरकार खत्म हो गई है।
यह बात अलग है कि हड़ताल खत्म कराने के लिए मुख्यमंत्री को 101वें दिन वक्त मिला और उनके आवश्वासन पर हड़ताल खत्म हो गई।
शिक्षकों का कहना है कि 100वें दिन सपा कार्यालय में धरना देने के बाद मुख्यमंत्री से मुलाकात का वादा किया गया था।
गुरुवार सुबह मुख्यमंत्री ने करीब 15 मिनट का समय दिया और वादा किया कि अपने कार्यकाल में वह एडेड शिक्षकों की विनियमितीकरण की मांग पूरी कर देंगे।
इसके पहले, धरना स्थल पर जमे अनुदानित महाविद्यालय विवि अनुमोदित शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. केएस पाठक की अगुवाई में अनुमोदित शिक्षकों ने खुद को नजरअंदाज करने के विरोध में बुधवार को विधान भवन का घिराव भी किया था।
इसके बाद, उन्होंने सपा कार्यालय पर डेरा डाल दिया। शाम तक सभी वहीं जमे रहे। वहां मुख्यमंत्री से मुलाकात का आश्वासन मिलने के बाद ही वे वहां से हटे।
उन्होंने कहा था कि अगर इसके बाद भी शिक्षकों की विनियमितीकरण की मांग पूरी नहीं हुई तो पूरे प्रदेश में आंदोलन व क्रमिक भूख हड़ताल शुरू कर दी जाएगी।