लखनऊ। लोकबंधु अस्पताल में हुए अग्निकांड के करीब छह माह के बाद दस बेड की आईसीयू शुरू हो गई है। हालांकि, मरीजों के लिए यह अभी नाकाफी है। आईसीयू में बेड फुल होने पर मरीजाें को दूसरे अस्पताल जाना पड़ रहा है।
लोकबंधु 300 बेड की क्षमता का अस्पताल है। अप्रैल महीने में अस्पताल के दूसरे तल पर स्थित फीमेल मेडिसिन वार्ड में आग लग गई थी। इसके बाद आग ने बाल रोग विभाग को जद में ले लिया था। इस दौरान आईसीयू वार्ड में धुआं भरके बाद उसे भी बंद कर दिया गया था। इस घटना के बाद अफसरों ने पहले तल पर तीन बेड की अस्थायी आईसीयू बनाई थी और नई यूनिट के निर्माण के लिए करीब डेढ़ करोड़ रुपये का बजट शासन से मांगा था।
बजट न मिलने से अग्निकांड में हुए नुकसान की भरपाई नहीं हो सकी है। मरीजोंं की समस्या को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने अब 10 बेड की आईसीयू शुरू की है, जिसमें तीन बेड वेंटीलेटर वाले हैं। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय शंकर त्रिपाठी के मुताबिक, निर्माण कार्य पूरा होने के बाद आईसीयू का विस्तार कर उसे 30 बेड का किया जाएगा।