लखनऊ विश्वविद्यालय में होने वाली प्रवेश परीक्षाओं के लिए अभ्यर्थी 23 मई से एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। इसके अलावा अभ्यर्थियों को बड़ी राहत देते हुए विवि ने स्नातक के ऑनलाइन आवेदन फॉर्म भरते समय सरकारी फोटोयुक्त पहचान पत्र इस्तेमाल करने की बाध्यता खत्म कर दी है।
अब अभ्यर्थी अपने कॉलेज के फोटोयुक्त पहचान पत्र का नंबर भरकर भी फॉर्म पूरा कर सकते हैं। मालूम हो कि सरकारी आईडी अनिवार्य होने के चलते अभ्यर्थियों को समस्या आ रही थी।
सर्वाधिक समस्या उन अभ्यर्थियों साथ थी जो 18 साल से कम उम्र के थे। वैसे तो विवि ने ऐसे अभ्यर्थियों को आधार कार्ड आवेदन करने पर मिलने वाले रिफ्रेंस नंबर से फॉर्म भरने का विकल्प दिया था, लेकिन वह भी बहुत काम नहीं आया।
उम्मीद है कि अब विवि में आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की संख्या तेजी से बढ़ेगी। इसके साथ ही विवि की वेबसाइट पर पहले ई-चालान से शुल्क जमा करने का विकल्प नहीं आ रहा था।
अभ्यर्थी केवल ऑनलाइन आवेदन शुल्क जमा कर सकते थे। प्रवेश समन्वयक प्रो. अनिल मिश्रा ने बताया कि गुरुवार से वेबसाइट पर ई-चालान डाउनलोड होना शुरू हो गया। अब अभ्यर्थी चालान के माध्यम से एचडीएफसी बैंक की किसी शाखा में भी फीस जमा कर सकते हैं।
डीन स्तर पर होंगे स्नातक के प्रवेश
- फोटो : Demo pic
विवि में प्रवेश प्रक्रिया को लेकर इस समय तेजी से काम चल रहा है। प्रो. अनिल ने बताया कि इस साल काउंसलिंग की प्रक्रिया केंद्रीकृत नहीं की जाएगी, बल्कि स्नातक के सभी प्रवेश डीन स्तर पर किए जाएंगे। हालांकि, काउंसलिंग की जगह प्रवेश समन्वयक द्वारा निर्धारित होगी।
नई व्यवस्था के तहत आर्ट्स के प्रवेश डीन आर्ट्स, साइंस के डीन साइंस और इसी तरह बाकी जगह होंगे। इसका एक फायदा यह भी मिल सकता है कि एक समय पर एक से अधिक फैकल्टी की काउंसलिंग करा ली जाए। पूरी काउंसलिंग प्रक्रिया ऑन कैंपस, ऑनलाइन होगी।
डीन स्तर पर प्रवेश का फायदा अभ्यर्थियों को भी मिलेगा। यदि कोई अभ्यर्थी विषय चयन में सुझाव चाहता है तो उसे मदद मिलेगी, क्योंकि उसी की फैकल्टी के शिक्षक होने से वह उसे कॅरिअर के अनुसार विषय बता सकते हैं।
एक सप्ताह में आएगा रिजल्ट
प्रवेश परीक्षाएं होने के मात्र एक सप्ताह के अंदर सभी पाठ्यक्रमों का परिणाम जारी करने की तैयारी है। तीन जून तक सभी परीक्षाएं खत्म हो जाएंगी। सभी परीक्षाओं में अगले ही दिन आंसर-की और एक सप्ताह में रिजल्ट घोषित करके 15 जून से काउंसलिंग कराने का प्रस्ताव है।
प्रो. अनिल ने बताया कि काउंसलिंग का पूरा शेड्यूल प्रवेश परीक्षाएं होने से पहले जारी कर दिया जाएगा, जिससे अभ्यर्थियों को अपनी तैयारी करने का समय मिल सके।