केंद्रीय विद्यालयों के कक्षा एक में दाखिले के लिए आवेदन प्रक्रिया सोमवार से प्रारंभ हो रही है। आवेदन प्रक्रिया पूर्ण रूप से ऑनलाइन है। अभिभावक वेबसाइट www.kvsangathan.nic.in पर उपलब्ध लिंक से ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं।
वेबसाइट पर ऐप का लिंक भी है, जिसे डाउनलोड कर भी प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। दाखिले संबंधी पूरी प्रक्रिया व नियम वेबसाइट पर है। ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया सुबह 10 बजे से प्रारंभ होगी।
केवी गोमतीनगर के प्रधानाचार्य डॉ. सीबीपी वर्मा ने बताया कि पंजीकरण की अंतिम तिथि 21 मार्च शाम सात बजे तक है। अर्ह छात्रों की पहली सूची 25 मार्च को जारी की जाएगी।
सीट रिक्त रहने पर दूसरी सूची एक अप्रैल और तीसरी सूची आठ अप्रैल को जारी की जाएगी। 11वीं को छोड़कर कक्षा दो से अन्य कक्षाओं में दाखिले के लिए आवेदन प्रक्रिया आठ अप्रैल से 16 अप्रैल तक होगी। प्रक्रिया पूर्ण रूप से ऑफलाइन होगी। चयनित छात्रों की सूची 21 अप्रैल को जारी होगी और 22 से 28 अप्रैल तक दाखिले की प्रक्रिया होगी। दाखिले के लिए अंतिम तिथि 30 जून है। 11वीं में दाखिले के लिए पंजीकरण प्रक्रिया बोर्ड रिजल्ट जारी होने के 10 दिन बाद शुरू होगी।
लखनऊ में 10 केंद्रीय विद्यालय
केवी आईआईएम, केवी अलीगंज, केवी गोमती नगर, केवी आरडीएसओ, केवी कैंट, केवी एएमसी, केवी एसजीपीजीआई, केवी सीआरपीएफ, केवी एएफएस बीकेटी और केवी एएफएस ममोरा।
दाखिले की उम्र में बदलाव
इस बार केंद्रीय विद्यालय संगठन ने दाखिला लेने वाले बच्चों की आयु में बदलाव किया है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 द्वारा निर्धारित आयु सीमा को लागू किया गया है। कक्षा एक में दाखिले के लिए गत वर्ष तक न्यूनतम आयु पांच वर्ष निर्धारित थी। इस बार से 31 मार्च तक बच्चे की उम्र न्यूनतम छह वर्ष होनी जरूरी है।
यह है दाखिले की आयु सीमा
कक्षा आयु सीमा (वर्ष)
1 6-8
2 6-8
3 7-9
4 8-10
5 9-11
6 10-12
7 11-13
8 12-14
9 13-15
10 14-16
सैनिक स्कूल में दाखिले के लिए आवेदन का अंतिम मौका आज
बब स्कूल की वेबसाइट www.upsainikschool.org से ऑनलाइन आवेदन ही स्वीकार किए जा रहे हैं। अन्य किसी भी माध्यम से आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। प्रवेश परीक्षा और दाखिले के लिए आगे का कार्यक्रम अभी जारी नहीं किया गया है। दाखिला प्रवेश परीक्षा के आधार पर बनाई गई मेरिट के बाद साक्षात्कार और मेडिकल परीक्षण की अंतिम सूची के उपरांत किया जाएगा। पहले अंतिम सूची 25 फरवरी को जारी होनी थी। कक्षा सात में दाखिले के लिए बच्चे का जन्म दो जुलाई 2009 से एक जनवरी 2012 तक के मध्य होना चाहिए। वहीं कक्षा नौ में दाखिले के लिए बच्चे का जन्म दो जुलाई 2007 से एक जनवरी 2010 तक के मध्य होना चाहिए।