लखनऊ। बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर केंद्रीय विश्वविद्यालय (बीबीएयू) में नए सत्र 2019-20 में यूजी-पीजी व शोध कक्षाओं में प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया रविवार से शुरू हो रही है। विश्वविद्यालय इस साल भी ऑनलाइन व ऑफलाइन आवेदन की सुविधा देगा। केंद्र के निर्देशानुसार विवि प्रशासन नए सत्र में 10 फीसदी बढ़ी हुई सीटों पर प्रवेश लेगा। इसके अनुसार वर्तमान में 3200 सीटों के अतिरिक्त लगभग 300 सीटें बढ़ेंगी, जिन पर विश्वविद्यालय प्रशासन प्रवेश लेगा।
प्रवेश आवेदन 10 मार्च से 10 अप्रैल तक होंगे। सामान्य व ओबीसी विद्यार्थियों के लिए आवेदन शुल्क 1000 और एससी-एसटी व दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए 500 रुपये होगा। अभ्यर्थी ऑनलाइन आवेदन करेंगे और ऑनलाइन ही शुल्क भुगतान की भी व्यवस्था होगी। ऑफलाइन आवेदन के लिए विद्यार्थियों को ऑनलाइन आवेदन फॉर्म निकालकर, उसे भरकर, चालान के साथ ऑफलाइन विश्वविद्यालय में जमा करना होगा। इसके लिए विश्वविद्यालय की सेंट्रल लाइब्रेरी में तीसरे तल पर आईटी विभाग में एडमिशन सेल बनाया गया है। ऑफलाइन आवेदन की आखिरी तिथि 15 अप्रैल है।
प्रवेश पत्र 30 अप्रैल से उपलब्ध होंगे। प्रवेश परीक्षाएं 25 मई से 10 जून के बीच प्रस्तावित हैं। जो विद्यार्थी ऑनलाइन आवेदन करेंगे उनकी प्रवेश परीक्षा ऑनलाइन और जो ऑफलाइन आवेदन करेंगे उनकी प्रवेश परीक्षा ऑफलाइन आयोजित की जाएगी। ऑफलाइन परीक्षा विश्वविद्यालय परिसर में होगी। विश्वविद्यालय से भी ऑफलाइन फॉर्म प्राप्त करने की सुविधा होगी।
जबकि ऑनलाइन परीक्षा के लिए प्रदेश के बाहर पांच बड़े शहरों में प्रवेश परीक्षा के केंद्र बनेंगे। इसमें लखनऊ के अलावा दिल्ली, पटना, कोलकाता, हैदराबाद, पुणे शामिल हैं। विश्वविद्यालय प्रवक्ता डॉ. रचना गंगवार ने बताया कि विद्यार्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट bbau.ac.in पर online admisson systum 2019 पर क्लिक करेंगे। जहां विभाग, कोर्स, प्रवेश योग्यता, उसकी फीस, कोर्स का सिलेबस आदि सभी सूचनाएं मिलेंगी।
विद्यार्थी अपना रजिस्ट्रेशन कराकर आवेदन कर सकेगा। विवि मुख्य और सेटेलाइट कैंपस मिलाकर लगभग 3200 सीटें हैं। इसमें मुख्य कैंपस में 172 पीएचडी, 74 एमफिल, 1632 पीजी, 780 यूजी, इंटीग्रेटेड कोर्सों में 40 कुल लगभग 2800 सीटें हैं। इसी तरह सेटेलाइट कैंपस में पीजी में 60, यूजी में 240, इंटीग्रेटेड में 60 कुल 360 सीटें हैं। पिछले साल की तरह इस बार भी विवि प्रशासन किसी भी गड़बड़ी को रोकने के लिए थ्री स्टेप वेरीफिकेशन लागू करेगा। इसमें प्रवेश आवेदन में आधार कार्ड से ली सूचना का प्रवेश परीक्षा और प्रवेश के समय वेरीफिकेशन किया जाएगा।