फिल्म फेस्टिवल में मौजूद योगी आदित्यनाथ और आयुष्मान खुराना
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फिल्म निर्माताओं, कलाकारों, पटकथा लेखकों से कहा कि यूपी फिल्मों के लिए बड़ा बाजार है। वह वर्तमान पीढ़ी और समाज को संदेश देने वाली फिल्में बनाएं। उप्र सरकार उनका सहयोग करेगी। फिल्मकारों ने फिल्म निर्माण की दृष्टि से उप्र की भूमि को चुना, उसकी फिल्म नीति को गति दी, इसके लिए धन्यवाद। मौका था यूपी स्टेट फिल्म फेस्टिवल के समापन अवसर का।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इंदिर गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित फिल्म फेस्टिवल में कहा कि देश का हर पांचवा व्यक्ति उप्र में है। फिल्म इंडस्ट्री को इससे बड़ा बाजार कहीं नहीं मिलेगा। यहां 23 करोड़ की आबादी और हर परिस्थतियां देखने को मिलेंगी। हेरिटेज, ईको टूरिज्म सहित सभी आयाम उप्र के अलग-अलग क्षेत्रों में देखने को मिलेंगे। उन्होंने कहा कि चार फरवरी को प्रयागराज कुंभ को सफलता के साथ सम्पन्न किया। पहली बार 24 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने सहभागिता की और आस्था की डुबकी लगाई। जो नहीं आया वह पश्चाताप कर रहा होगा। इस आयोजन पर फिल्म बनाएं तो देश दुनिया में हिट होगी।
मुख्यमंत्री ने फिल्मकारों और कलाकारों से कहा कि समाज की आवश्यकता के अनुसार पटकथा लिखें और फिल्म बनाएं तो लोग उसको हाथों-हाथ लेते हैं। उप्र की आध्यात्मिक, धार्मिक परम्पराएं, सांस्कृति, देश की स्वाधीनता और सुधारवादी आंदोलन में बड़ी भूमिका रही है। यहां की विभूतियों के योगदान या किसी भी एक पक्ष को लेकर कार्य करें, सफलता जरूर मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रयागराज कुंभ को मुंबई में प्रचार-प्रसार मिला। इसी से लगा था कि देश के कलाकारों में संस्कृति के प्रति जो भाव है उससे आयोजन सफल होगा।
उरी-द सर्जिकल स्ट्राइक राज्यपाल व विधायकों को दिखाई
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने राज्यपाल व सभी विधायकों को उरी-द सर्जिकल स्ट्राइक फिल्म दिखाई थी। इस फिल्म ने देश के प्रति जज्बा दिखाया, उसने सभी को हिलाकर रख दिया। फिल्म दिखाने के बाद सभी विधायकों ने उन्हें धन्यवाद दिया। जबकि यही विधायक कभी उन्हें कोई भी कार्य कर देने के बावजूद धन्यवाद नहीं कहते थे। इसलिए समाज, पंरपरा, संस्कृति और देश के लिए जीना सिखाने में फिल्मों का बड़ा रोल हो सकता है।
उन्होंने कहा कि यूपी में फिल्म बनाने आइए। डरने की जरूरत नहीं है। माफिया और अपराधी गले में तख्ती डालकर सुधरने की गारंटी देते हैं। जो फिल्म व्यापक जागरूकता का कारण बनेगी। उसे विशेष रूप से छूट दी जाएगी। उन्होंने कहा कि टायलेट एक प्रेम कथा को टैक्स फ्री किया था। जिसने आमजन को स्वच्छता और नारी गरिमा के सम्मान का संदेश दिया। उन्होंने अयोध्या में दीपावली के आयोजन और कोरिया से वहां के जुड़ाव के बारे में फिल्मकारों को बताया। मणिकर्णिका के काशी में पैदा होने फिर झांसी की रानी बनने के बारे में बताया। साथ ही कहा कि बोनी कपूर, रवि किशन, दिनेश लाल निरहुआ को देखकर यूपी का हर कलाकार गौरवांवित महसूस करता है। हमने फिल्म नीति में जो प्रावधान है। उसे समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं।