यूपी में मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण के बाद प्रस्तावित बैठक नहीं हुई पर सीएम आदित्यनाथ ने जनता से किया गया वादा दोहराया।
शपथ ग्रहण के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि हमने अपने संकल्प पत्र में जो भी वादे किए हैं। उन्हें पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल व बुंदेखंड में विकास के लिए पूरा एक प्लान तैयार किया जाएगा और उस पर अमल किया जाएगा। जिससे कि इन क्षेत्रों की बदहाली दूर की जा सके।
याद रहे कि रविवार को ही सीएम के शपथ ग्रहण के बाद कैबिनेट बैठक प्रस्तावित थी लेकिन वो नहीं हो सकी। कहा जा रहा था कि इस बैठक में किसानों के कर्जमाफी व यांत्रिक कत्लखानों को बंद करने पर प्रस्ताव पास हो सकता था।
वहीं, कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ लेने वाले श्रीकांत शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने कैबिनेट के किसी भी सदस्य से कुछ भी ऐसा न बोलने की बात कही है, जिससे कि किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचे।