लखनऊ। अदिति झा और लोकशिता यादव की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए किरन अग्रवाल मेमोरियल जिला बैडमिंटन चैंपियनशिप में बालिका अंडर-11 युगल वर्ग का खिताब अपने नाम कर लिया। इसी के साथ अदिति ने एकल वर्ग के फाइनल में भी जगह बनाई। अब वह दोहरे खिताब की दौड़ में बनी हुई हैं।
गोमतीनगर के बीबीडी यूपी बैडमिंटन अकादमी में अंडर-11 बालिका युगल फाइनल में अदिति और लोकशिता ने अन्विका व कशिका खन्ना को कड़े संघर्ष के बाद 11-15, 16-14, 15-11 से मात दी। एकल वर्ग के सेमीफाइनल में अदिति ने अन्विका को 15-13, 15-8 से हराकर फाइनल का टिकट कटाया। दूसरे सेमीफाइनल में किमाया सिंह ने लोकशिता यादव को 15-6, 15-8 से शिकस्त देकर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल में किमाया और अदिति आमने-सामने होंगी।
प्रतियोगिता में मेगन प्रकाश और अर्णवी पाठक ने बालिका अंडर-15 और अंडर-17 के एकल वर्गों के फाइनल में प्रवेश किया। अंडर-17 सेमीफाइनल में मेगन ने अपराजिता घोषाल को 15-9, 15-7 से और अर्णवी ने सारा अली को 15-8, 15-11 से हराया। अंडर-15 वर्ग के अंतिम-4 मुकाबलों में मेगन ने ऋद्धि दुबे को 15-9, 16-18, 15-12 से और अर्णवी ने सारा अली को 12-15, 15-4, 15-3 से पराजित किया। बालक वर्ग में सार्थक यादव ने अंडर-15 एकल सेमीफाइनल में प्रीत राज और अंडर-17 में प्रज्जवल पाठक को हराकर दो वर्गों के फाइनल में जगह बनाई।
बालक अंडर-11 वर्ग में तेजस प्रताप सिंह ने एकल और युगल दोनों के फाइनल में प्रवेश किया। वहीं प्रशस्ति शर्मा ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए बालिका अंडर-13 एकल और अंडर-15 मिश्रित युगल के खिताबी मुकाबलों में जगह पक्की की। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले रविवार सुबह 10:30 बजे से खेले जाएंगे। फाइनल मुकाबलों के बाद समापन समारोह होगा।
बैडमिंटन चैंपियनशिप में खेलते खिलाड़ी।
बैडमिंटन चैंपियनशिप में खेलते खिलाड़ी।
बैडमिंटन चैंपियनशिप में खेलते खिलाड़ी।
बैडमिंटन चैंपियनशिप में खेलते खिलाड़ी।