अभिनेत्री वाणी कपूर, सुरवीन चावला और अभिनेता वैभव गुप्ता ने की प्रेसवार्ता। अमर उजाला
रेड-2, बेल बॉटम, वॉर और शुद्ध देशी रोमांस जैसी फिल्मों की अभिनेत्री वाणी कपूर ने कहा कि उन्हें लखनऊ का स्वाद और लिबास दोनों बेइंतिहा पसंद हैं। कहा, मैं जब भी लखनऊ आती हूं तो यहां से गलौटी और सींक कवाब जरूर पैक करवाकर ले जाती हूं। वाणी कपूर 25 जुलाई को रिलीज हो रही अपनी एक क्राइम थ्रिलर वेब सीरीज के प्रमोशन के लिए मंगलवार को लखनऊ में थीं। गोमतीनगर स्थित एक होटल में आयोजित कार्यक्रम में उनके साथ वेब सीरीज में काम कर रहीं अभिनेत्री सुरवीन चावला और अभिनेता वैभव राज गुप्ता भी मौजूद रहे।
वाणी कपूर ने कहा, कि मैं लखनऊ में पहले भी शूटिंग कर चुकी हूं और यहां आकर मुझे हमेशा बहुत अच्छा लगता है। उन्होंने यहां के खाने के साथ ही चिकन के कपड़ों की भी खूब तारीफ की। उन्होंने कहा कि आगामी वेब सीरीज में वे एक जांच अधिकारी का रोल निभा रही हैं। उन्होंने बताया कि इस सीरीज़ के कुछ हिस्सों की शूटिंग लखनऊ में की गई है जिससे यहां के दर्शकों के लिए यह बेहद खास होगी। इस सीरीज में श्रिया पिलगांवकर, सिद्धांत कपूर, राहुल बग्गा, रघुबीर यादव और मोनिका चौधरी भी मुख्य भूमिकाओं में हैं। अभिनेता वैभव राज गुप्ता ने कहा कि इस वेब सीरीज की रिलीज से पहले इसकी कहानी लोगों के बीच ले जाकर बहुत खास महसूस हो रहा है। वाणी ने कहा कि वैभव का किरदान इस सीरीज में इतना शानदार है कि मेरा मन कर रहा था कि काश, यह रोल मुझे मिला होता।रहस्य और रोमांच से भरी होगी वेब सीरीज : सुरवीन
वेब सीरीज में अहम भूमिका निभा रहीं अभिनेत्री सुरवीन चावला ने बताया कि यह रहस्य और रोमांच से भरी होगी जिसे देखकर दर्शकों को मजा आएगा। इसमें मेरी भूमिका एक महिला राजनीतिज्ञ की है। वाणी और वैभव के किरदार सदियों से रहस्य के पीछे छिपी एक सोसाइटी से जुड़ी हत्याओं की खौफनाक साजिश का पर्दाफाश करते हैं। यह सिर्फ़ एक थ्रिलर नहीं, बल्कि आपको चकित कर देने वाली कहानी है। इसके किरदार, रहस्य और ट्विस्ट देखकर आप चौंक जाएंगे।