कुलपति प्रो. निशीथ राय
- फोटो : amar ujala
नियुक्तियों में गड़बड़ी के मामले में सरकार ने डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. निशीथ राय को कार्य करने से रोक दिया है। प्रो. राय की नियुक्ति और बतौर कुलपति विश्वविद्यालय में उनकी ओर से की गई नियुक्तियों में गड़बड़ियों के आरोप पर शासन ने हाईकोर्ट के अवकाश प्राप्त न्यायमूर्ति शैलेंद्र सक्सेना से जांच कराने का फैसला किया है। जांच पूरी होने तक कुलपति का चार्ज दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के प्रमुख सचिव को दिया गया है।
पिछले दिनों कुलपति प्रो. राय की नियुक्ति और उनकी ओर से की गई भर्ती में गड़बड़ी की शिकायत हुई थी। आरोप है कि वे लखनऊ विश्वविद्यालय में शिक्षक थे और क्षेत्रीय नगर एवं पर्यावरण अध्ययन केंद्र के डायरेक्टर भी। कुलपति बनने के बाद भी वे केंद्र के डायरेक्टर बने रहे।
पिछले दिनों उनकी ओर से विश्वविद्यालय में की गई भर्ती में गड़बड़ी की प्रारंभिक जांच में भी गंभीर तथ्य सामने आए। ये भी कहा गया है कि भर्तियों में गड़बड़ी का जब तत्कालीन रजिस्ट्रार ने विरोध किया तो उन्हें भी हटवा दिया गया था।