मलिहाबाद। ढेंढेमऊ गांव स्थित जनसेवा केंद्र के बाहर शुक्रवार शाम एलआईसी एजेंट समरेंद्र कुमार (36) को गोली मारने के एक नाबालिग आरोपी को मलिहाबाद पुलिस ने हिरासत में लिया है। आरोपी तिलसुआ गांव का रहने वाला है। उससे पूछताछ की जा रही है। वहीं, गोलीकांड में शामिल आरोपी अभय सहित अन्य की गिरफ्तारी के लिए पुलिस और सर्विलांस टीम लगी हुई है।
पुलिस ने समरेंद्र के भाई नरेंद्र कुमार की तहरीर पर पुलिस ने नाबालिग, अभय ,महेंद्र, जोगेंद्र, नरेंद्र सहित पांच नामजद और तीन अज्ञात के खिलाफ हत्या का प्रयास और साजिश रचने की एफआईआर शनिवार को दर्ज की थी। मलिहाबाद इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह भाटी ने बताया कि अन्य आरोपियों को गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगी हुई है है।
रूपांशी की मौत के बाद से मिल रही थी धमकी
काकोरी के सैफलपुर निवासी नरेंद्र कुमार ने बताया कि बीते 24 मई को तिलसुवा गांव निवासी रूपांशी की मौत के लिए उसका परिवार पति सुधीर के साथ उसके बहनोई समरेंद्र को भी जिम्मेदार मानता था। सुधीर को पुलिस ने जेल भेज दिया था। इसके बाद अक्सर रूपांशी के परिवार से जान से मारने की धमकी मिला करती थीं।