थाना क्षेत्र मुंशीगंज के कस्बे में बुधवार को एक अनियंत्रित ट्रक ने जीप को टक्कर मार दी। दुर्घटना में जीप सवार 11 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने आठ की हालत गंभीर देख ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
गौरीगंज तहसील में तैनात पूरे दर्जिन निवासी राकेश कुमार गुप्ता को बेटे के मुंडन संस्कार के लिए विंध्याचल जाना था। बुधवार सुबह राकेश कुमार की पत्नी साधना गुप्ता (38), दो वर्षीय पुत्र अभि गुप्ता, भाई धर्मेंद्र कुमार गुप्ता (20) घर से जीप से निकले और अपने रिश्तेदार को लेने के लिए थाना क्षेत्र मुसाफिरखाना के गांव पिंडारा गए।
वहां से विजय कुमार गुप्ता (38), सुमन (35), इशिका (8), मुकेश कुमार (22), पुष्पा (25), शिव शंकर गुप्ता (56) और पांच माह की बेटी काव्या के साथ विंध्याचल के लिए निकले। जीप थाना क्षेत्र मुंशीगंज चौराहे पर जैसे ही पहुंचे एक अनियंत्रित ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी।
दुर्घटना में चालक सहित जीप सवार 11 लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को मुंशीगंज स्थित संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथामिक उपचार के बाद साधना, धर्मेंद्र गुप्ता, अभि, सुमन, इशिका, मुकेश कुमार, शिव शंकर गुप्ता और चालक मंजेश कुमार की हालत गंभीर देख ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दुर्घटना ग्रस्त वाहन को कब्जे में ले लिया है।