लखनऊ में हजरतगंज पुलिस के हत्थे हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा पा चुका फरार आरोपी सोमवार सुबह चढ़ गया। उसे दस साल पहले हाईकोर्ट ने जमानत दी थी। इसके बाद से ही वह फरार चल रहा था।
उसे 31 साल पहले कृषि भवन के पास हुई हत्याकांड में उम्रकैद की सजा मिली थी। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है। डीसीपी मध्य दिनेश सिंह के मुताबिक, सुल्तानगंज चौकी प्रभारी महेंद्र सिंह, एसआई विकास कुमार व नरही चौकी प्रभारी भूपेंद्र सिंह सोमवार सुबह परिवर्तन चौक के पास गश्त कर रहे थे।
इस दौरान नाका इलाके में किराए पर रहने वाले त्रिलोक सिंह को पकड़ लिया। उससे पूछताछ में पता चला कि वह कृषि भवन के पास 31 साल पहले हुई गिरिजेश सिंह की हत्या में शामिल था। वारदात में त्रिलोक सिंह ने एंबेसडर कार का प्रयोग किया था, जिसे वह खुद चलाकर गया था। उसे हाईकोर्ट से जमानत मिली थी।