महिला शक्ति सम्मेलन में आप नेता संजय सिंह।
- फोटो : amar ujala
आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने कहा कि यूपी में आप की सरकार बनने के बाद बिजली के बिलों की होली जलाएंगे। किसानों के सारे बिल जीरो करेंगे और प्रदेश की जनता को 300 यूनिट तक की बिजली फ्री देंगे। उन्होंने कहा कि हम प्रदेश के हर शहर व गांव में मोहल्ला क्लीनिक बनाएंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि जनता को न्यूनतम दरों पर इलाज मिल सके। वह शनिवार को लखनऊ के गांधी भवन में महिला शक्ति सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में हमारी सरकार बनने के बाद वहां की जनता को 200 यूनिट तक बिजली फ्री मिल रही है। पानी फ्री मिल रहा है। शिक्षा व स्वास्थ्य फ्री मिल रहा है। यही मॉडल हम यूपी में भी लागू करेंगे।
उन्होंने कहा कि जब 60 हजार करोड़ के बजट में दिल्ली की दो करोड़ जनता को सारी सुविधाएं मिल सकती हैं तो पांच लाख करोड़ के बजट वाले यूपी में ये सभी सुविधाएं क्यों नहीं मिल सकती हैं। उन्होंने प्रदेश की योगी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि हमने उनसे कहा कि हम यूपी के स्कूल देखना चाहते हैं पर वो देखने नहीं देते क्यों यहां के स्कूलों की हालत बेहद खराब है।
उन्होंने कहा कि देश की जनता टैक्स देती है जिससे कि उसे बेहतर जीवन मिल सके पर भाजपा के लोग ऐसा कर पाने में सक्षम नहीं हैं।