राजधानी में 22 हजार एलपीजी कनेक्शन बगैर केवाईसी सत्यापन के चल रहे हैं। अगर आप भी इसमें शामिल हैं तो 30 नवंबर तक आधारकार्ड का लिंकअप बैंक खाते और कंज्यूमर नंबर से करा लीजिए।
पेट्रोलियम कंपनियां 1 दिसंबर से ऐसे उपभोक्ताओं को सब्सिडी वाला सिलेंडर सप्लाई रोक देंगी। जिनके आधार कार्ड का लिंकअप बैंक खाते व एजेंसी के कंज्यूमर नंबर से हो चुके हैं वे परेशान न हों।
राजधानी में 7.83 लाख एलपीजी उपभोक्ता हैं। एजेंसी स्तर पर कराए गए सर्वे में सामने आया कि इनमें से ढाई से तीन फीसदी ने अब तक आधार लिंकअप नहीं कराया है।
एक दिसंबर के बाद ऐसे उपभोक्ताओं को मल्टीपल सिलेंडर की श्रेणी में मानते हुए इनका सब्सिडी सिलेंडरों का कोटा बंद कर दिया जाएगा। वर्ष 2012 में घरेलू एलपीजी में सब्सिडी व नॉन सब्सिडी सिलेंडरों की व्यवस्था के बाद घरेलू एलपीजी कनेक्शनों को सेम नेम, सेम एड्रेस (एसएनएसए) और डिफरेंट नेम सेम एड्रेस (डीएनएसए) श्रेणी में चिह्नित कर केवाईसी सत्यापन की अनिवार्यता लागू की गई थी।
बिना आधार लिंकअप के सब्सिडी कोटे का फायदा उठा रहे 22 हजार एलपीजी उपभोक्ताओं में से 11 हजार से अधिक कनेक्शन इंडियन ऑयल (इंडेन) के हैं। हिंदुस्तान पेट्रोलियम के 5800 से अधिक जबकि भारत पेट्रोलियम के 5300 से अधिक कनेक्शन का केवाईसी अधूरा है।