लखनऊ। गुजरात पुलिस ने चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट से चकमा देकर भागे धोखाधड़ी के आरोपी अर्श को इंदौर से गिरफ्तार कर लिया है। एफआईआर दर्ज होने के बाद से सरोजनीनगर पुलिस भी उसे तलाश रही थी। गुजरात पुलिस उसे साथ ले गई है।
एसीपी विकास कुमार पांडेय के मुताबिक अर्श की तलाश में दो टीमें लगी थीं। आरोपी ने एयरपोर्ट से भागने के बाद कुछ लोगों से संपर्क किया था। सर्विलांस से उसकी लोकेशन इंदौर में मिली। इसके बाद गुजरात पुलिस वहां पहुंची और उसे दबोच लिया।
अर्श के खिलाफ जनवरी में धोखाधड़ी, जालसाजी और आईटी एक्ट के तहत गुजरात में केस दर्ज किया गया था। गुजरात पुलिस को सर्विलांस से पता चला कि आरोपी पीजीआई इलाके के आकाश एन्क्लेव में रह रहा है। इस पर गुजरात के व्यारा तापी जिला स्थित साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन के दरोगा धीरज राघव भाई बथवार टीम के साथ लखनऊ पहुंचे और आठ जुलाई को उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अर्श को कोर्ट में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर लेकर लौट रही थी।
गुजरात पुलिस ने इंडिगो की फ्लाइट बुक कराई थी। बुधवार सुबह छह बजे अर्श एयरपोर्ट पर वॉशरूम जाने की बात कहकर निकला और चकमा देकर भाग गया। इसके बाद दरोगा धीरज ने सरोजनीनगर थाने में केस कराया था।