लखनऊ। रियल एस्टेट कंपनी एल्पिडा होम्स के निदेशक व एजेंटों के खिलाफ दो लोगों ने 31.96 लाख रुपये ठगने का केस विभूतिखंड थाने में दर्ज कराया है। मूल रूप से हरियाणा के रोहतक निवासी कारोबारी सुभाष चंद्र के मुताबिक जनवरी 2021 में कंपनी के एजेंट अनूप कुमार सिंह के माध्यम से उनकी एल्पिडा होम्स प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक उद्देश्य तिवारी से मुलाकात हुई। पीड़ित ने 1500 वर्गफुट का प्लॉट बुककर तीन लाख रुपये खाते में भेजे।
सुभाष के मुताबिक अगस्त 2021 तक 14.35 लाख रुपये जमा करने के बाद एजेंट ने कहा कि छह लाख रुपये जमा कर रजिस्ट्री करा लीजिए। यह रकम जमा करने के बाद भी रजिस्ट्री नहीं हुई। संपर्क करने पर लीगल चार्ज के 3,40,868 रुपये जमा करने के लिए कहा गया। पीड़ित ने यह रकम भी दे दी। इसके बाद आरोपियों ने कॉल उठाना बंद कर दिया। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने डीसीपी पूर्वी से मुलाकात कर शिकायत की। उनके आदेश पर एफआईआर दर्ज की गई।
उधर, गाजीपुर स्थित नोनहरा ग्राम गठिया के मनोज राय के अनुसार वर्ष 2012 में एजेंट अनूप ने उन्हें उद्देश्य तिवारी से मिलवाया। पीड़ित ने 5500 वर्गफुट के तीन प्लॉट पत्नी सीमा राय के नाम से बुक किए। उन्होंने नकद व खाते में 8.20 लाख रुपये जमा कराए। इसके बाद भी रजिस्ट्री न होने पर रकम वापस मांगी तो आनाकानी की गई। इस पर उन्होंने उद्देश्य तिवारी, तुषार सिंह, अनूप कुमार सिंह व कुंदल यादव के खिलाफ धोखाधड़ी व अन्य गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई। इंस्पेक्टर विभूतिखंड सुनील कुमार सिंह का कहना है कि दोनों मामलों में जांच हो रही है।