लखनऊ। विकासनगर के सेक्टर-1 में किराये के मकान में रहने वाली मेकअप आर्टिस्ट नेहा मौर्य (24) की माैत फंदा लगने से हुई है। इस बात की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हुई है।
मूल रूप से बहराइच के मूर्तिहा गंगापुर निवासी नेहा एक वर्ष से किराये के मकान में गांव के ही अजीत मौर्य के साथ लिवइन में रही रही थीं। वह हजरतगंज स्थित सैलून में बतौर मेकअप आर्टिस्ट काम करती थीं। सोमवार रात अजीत ने नेहा के परिजनों को उनके फंदा लगाने की बात बताई। दरवाजे का कमरा तोड़कर उन्होंने नेहा को नीचे उतारा था और ट्राॅमा सेंटर लेकर पहुंचे थे, जहां डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया था।
बुधवार को डॉक्टरों के पैनल ने नेहा के शव का पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हैंगिंग आया है। डॉक्टरों ने विसरा जांच के लिए सुरक्षित रखा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से यह साफ हो गया है कि नेहा की माैत फंदा लगने से हुई थी।
एसओ विकासनगर आलोक सिंह ने बताया कि परिजनों ने किसी पर भी कोई आरोप नहीं लगाया है और न ही कोई तहरीर दी है। घरवालों का कहना है कि नेहा का अंतिम संस्कार लखनऊ में करेंगे।