काकोरी। पारा में नहर तिराहे पर बुधवार तड़के तेज रफ्तार अज्ञात कार की टक्कर से युवक करीब 15 फीट दूर उछलकर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान ट्रॉमा सेंटर में उसकी मौत हो गई। बहनोई जमील ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
इंस्पेक्टर सुरेश सिंह के अनुसार, सुबह करीब साढ़े चार बजे नहर तिराहे के पास बिना नंबर की कार ने युवक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक सड़क किनारे उछलकर दूर जा गिरा और उसका दाहिना पैर बीच से कटकर अलग हो गया। ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। फोटो के आधार पर उसकी पहचान काकोरी के कठिगरा निवासी कल्लू उर्फ रसूल अहमद (42) के रूप में हुई। गांव के लोगों ने भी ट्रॉमा सेंटर पहुंचकर उसकी पहचान की। स्थानीय लोगों के अनुसार कल्लू मानसिक रूप से कमजोर था और अक्सर नहर तिराहे के आसपास घूमता रहता था। उसके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है और परिवार में कोई सदस्य नहीं है। इंस्पेक्टर के अनुसार अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है।