काकोरी। पारा के हंसखेड़ा निजी लॉन के पास तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े डाला में पीछे से जा टकराई। बाइक चला रहा युवक और उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। लोकबंधु अस्पताल में इलाज के दौरान बुधवार शाम बाइक चालक की मौत हो गई, जबकि उसके दोस्त की हालत गंभीर है।
इंस्पेक्टर सुरेश सिंह के अनुसार डिप्टी खेड़ा निवासी दीपक कुमार (24) दोस्त राजेंद्र के साथ मजदूरी कर लौट रहे थे। रास्ते में उनकी तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े डाला से टकरा गई। दीपक ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें लोकबंधु अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दीपक की मौत हो गई। वहीं राजेंद्र की हालत गंभीर बनी हुई है। परिवार में दीपक के पिता राम लखन का पहले ही निधन हो चुका है। मां रामकुमारी, भाई शिवम और तीन बहनें हैं।