लखनऊ। मोहनलालगंज के पूरनपुर में सोमवार तड़के चलते ट्रैक्टर पर चढ़ने की कोशिश में गोसाईंगंज के सेमरा प्रीतपुर निवासी मोहित (22) गिरकर पहिये के नीचे आ गए। इससे उनकी मौत हो गई। हादसा सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया।
इंस्पेक्टर दिलेश कुमार सिंह के मुताबिक, मोहित पीजीआई के बरौना में स्थित ईंट भट्टे पर मजदूरी करते थे। सोमवार तड़के पांच बजे वह ट्रैक्टर-ट्राॅली में भट्ठे से ईंट लादकर चालक के साथ सप्लाई करने मोहनलालगंज गए थे। पूरनपुर गांव के पास वह कुछ काम के लिए उतरे थे और दोबारा चलते ट्रैक्टर पर चढ़ने लगे। इस दौरान उनका हाथ फिसल गया और वह नीचे गिर पड़े। चालक जब तक ट्रैक्टर रोकता तब तक पहिया मोहित के ऊपर से निकल गया। इसके बाद चालक ने आनन-फानन ट्रैक्टर रोका और मोहित को नीचे से निकला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। इंस्पेक्टर ने बताया कि फिलहाल फुटेज देखने पर चालक की गलती नहीं पाई गई है। तहरीर पर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।