लखनऊ। गोरखपुर से आनंदविहार जाने वाली हमसफर एक्सप्रेस (12571) वेंडर ने इमर्शन रॉड से चाय बनाई, जिसकी फोटो बुधवार को वायरल हो गई। सुरक्षा से खिलवाड़ पर आईआरसीटीसी ने जांच के आदेश दिए हैं। मामला रविवार का है। ट्रेन में कंटेनर में इमर्शन रॉड से चाय बनाने की वेंडर की हरकत को एक यात्री ने रिकॉर्ड कर लिया था।
इससे पूर्व भी इमर्शन रॉड से चाय बनाने का मामला उजागर हो चुका है। इसी ट्रेन में पिछले वर्ष अप्रैल में भी इमर्शन रॉड से चाय बनाने का मामला उजागर हुआ था, जिसके बाद काफी धरपकड़ हुई थी। 100 से अधिक रॉड जब्त की गई थीं। पैंट्रीकार में गैस चूल्हे का प्रयोग बंद हो जाने के बाद अधिकतर ट्रेनों में खाना-नाश्ता और चाय बेस किचन से आता है। आवश्यकतानुसार खानपान की सामग्री ट्रेनों में चढ़ाई भी जाती है। हमसफर एक्सप्रेस में पैंट्रीकार नहीं है, ऐसे में इसमें साइड वेंडिंग के जरिये बेस किचन से खाद्य सामग्री की आपूर्ति की जाती है। डिमांड के अनुसार चाय के कंटेनर में गर्म दूध भरकर रख लेते हैं और टी-बैग डालकर यात्रियों को परोसा जाता है। जब दूध ठंडा हो जाता है तो उसे वेंडर इमर्शन रॉड से गर्म करते हैं। हैरानी की बात यह है कि इसे देखकर रनिंग कर्मचारी विरोध भी नहीं करते। इमर्शन रॉड के इस्तेमाल से बीमारियां फैलने की आशंका भी रहती है, सेफ्टी से भी खिलवाड़ होता है।