लखनऊ। हसनगंज इलाके में रहने वाले साहिल पर शादी का झांसा देकर किशोरी का यौन शोषण और दो लाख रुपये व जेवर ऐंठने का आरोप लगा है। वहीं, शिकायत पर किशोरी के भाई को धमकाने का भी आरोप है। हसनगंज पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
इंस्पेक्टर हसनगंज चितवन कुमार के मुताबिक मूल रूप से बाराबंकी निवासी किशोरी परिवार के साथ इंदिरानगर में रहती है। कुछ समय पहले वह डालीगंज के मुंशीगंज निवासी रिश्तेदार के घर समारोह में आई थी। वहां किशोरी की मुलाकात आरोपी साहिल से हुई थी। किशोरी का मोबाइल नंबर हासिल कर साहिल उससे फोन पर बातचीत करने लगा। आरोप है कि उसने किशोरी को प्यार के जाल में फंसाया और शादी का झांसा देकर यौन शोषण किया। आरोपी ने किशोरी से दो लाख रुपये और कीमती जेवर भी हड़प लिए। इसकी जानकारी होने पर किशोरी का भाई शिकायत लेकर साहिल के पास पहुंचा तो उसने उन्हें धमकाया। शुक्रवार को किशोरी की बहन ने हसनगंज थाने में साहिल के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। शनिवार को पुलिस ने आरोपी साहिल को गिरफ्तार कर लिया।