एम्स इंटरनेशनल स्कूल के एक छात्र की बुधवार को स्कूल में शिक्षक ने बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे छात्र जख्मी हो गया। उसका जिला अस्पताल में इलाज कराया गया है।
छात्र के चाचा ने कोतवाली नगर में स्कूल के दो शिक्षकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। स्कूल प्रबंधन ने आरोपी एक शिक्षक को निष्कासित कर दिया है।
आवास विकास कॉलोनी निवासी नाजिम अली ने कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा कि उसका भतीजा तौहीद शहर के सरकुलर रोड पर स्थित एम्स इंटरनेशनल स्कूल में सातवीं का छात्र है।
31 अगस्त की सुबह स्कूल में शिक्षक डीवी सिंह ने तौहीद की जमकर पिटाई की जिससे वह घायल हो गया। जब वह स्कूल पहुंचे तो स्कूल प्रबंधन ने उन्हें पिटाई की फुटेज दिखाते हुए आरोपी शिक्षक डीवी सिंह को निष्कासित कर दिया।