लखनऊ। लखनऊ विकास प्राधिकरण बसंतकुंज योजना के तहत गोमती नदी के किनारे करीब 60 एकड़ जमीन पर हरित ऊर्जा के लिए साैर ऊर्जा प्लांट लगाएगा। इससे करीब चार मेगावाट तक बिजली पैदा करने का लक्ष्य रखा गया है। प्लांट से तैयार बिजली ग्रिड के जरिये मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड को बेचने की योजना है।
एलडीए अधिकारियों के अनुसार गोमती नदी के किनारे की जमीन पर बाढ़ का खतरा रहता है। ऐसे में प्लांट का स्ट्रक्चर बाढ़ के लेवल से ऊपर बनाया जाएगा। संयंत्र की मजबूती के लिए गहरी पाइलिंग और टाई बीम का कार्य भी कराया जाएगा। इस प्लांट से प्रतिवर्ष करोड़ों रुपये की आय होगी और शहर को हरित व स्वच्छ ऊर्जा प्राप्त होगी। ये योजना राज्य सरकार की हरित ऊर्जा नीति के अनुरूप है। एलडीए की ओर से प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया है। अनुमति मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से निर्माण कार्य कराया जाएगा।