बलरामपुर जिले में चार विधानसभा सीटें हैं। सभी भाजपा के कब्जे में हैं। लेकिन, पूर्व सांसद रिजवान जहीर की बेटी जेबा रिजवान पिछली बार कांग्रेस से लड़ीं और नंबर दो पर थीं, वह अब सपा में आ गई हैं। पूर्व विधायक आरिफ अनवर हाशमी योगी सरकार के भू-माफिया विरोधी अभियान के लपेटे में जेल जाकर बाहर आ चुके हैं। इससे पूरे जिले में सत्ताविरोधी वोट की एकजुटता बढ़ी है। बलरामपुर में 37.51 फीसदी मुस्लिम आबादी है और नेपाल का सीमावर्ती जिला है। प्रत्याशी आने से पहले यहां हर सीट पर ध्रुवीकरण और भाजपा-सपा के बीच सीधी लड़ाई नजर आ रही है। उतरौला के बनघुसरा में मिले फर्नीचर के दुकानदार विजय राम कहते हैं, क्षेत्र में काम हुए हैं। सड़कें बनी हैं। बिजली आ रही है। सरकार की योजनाएं भी गरीबों को प्रभावित कर रही हैं। लेकिन, योजनाओं का भरपूर लाभ पाने वाले तमाम लोग जहां वोट देते थे, वहीं देंगे। अशोक श्रीवास्तव कहते हैं कि अन्य कामों के साथ कानून-व्यवस्था पर अच्छा काम हुआ है। पर, महंगाई का भी असर है। कई सीटों पर बसपा भी मुकाबले में रहेगी, जो समीकरण तय करेगी।
कद्दावर नेताओं का असर भी दिखा रहा रंग
तुलसीपुर के रमईडीह चौराहे पर मीहीलाल, संचित राम व सौरभ पांडेय मिल गए। मीहीलाल कहते हैं कि राशन, पेंशन व किसान निधि के साथ श्रम कार्ड लाकर सरकार ने बहुत अच्छा किया। सौरभ कहते हैं कि यहां लोग आमतौर पर सपा-भाजपा व कुछ व्यक्ति विशेष नेताओं को देखते हैं। मसलन, पूर्व सांसद रिजवान, पूर्व विधायक मो. उमर व पूर्व मंत्री शिव प्रताप यादव चुनाव लड़ें या न लडे़ं, जीतें या हारें, चुनाव में ये सब फर्क जरूर डालते हैं। इसी तरह कैसरगंज के सांसद बृजभूषण की भूमिका अहम है। बलरामपुर में पलटूराम विधायक व मंत्री उन्हीं की वजह से बने, हर कोई जानता है। जिला पंचायत अध्यक्ष उनकी रणनीति से ही बनी। इसलिए सांसद की भी भूमिका अहम ेरहेगी। गैंसड़ी, उतरौला, तुलसीपुर हर जगह त्रिकोणीय लड़ाई हो सकती है।
श्रावस्ती जिले में विधानसभा की दो सीटें हैं। श्रावस्ती बस स्टॉप के पास साथियों के साथ मिले शिवम मिश्रा कहते हैं, 2017 में श्रावस्ती सीट भाजपा बमुश्किल 445 मतों के अंतर से जीत पाई थी। वहीं, भिनगा सीट बसपा ने 6,090 मतों के अंतर से जीती थी। इस चुनाव से पहले बसपा विधायक सपा में चले गए और उनके दूसरे क्षेत्र से टिकट मांगने की चर्चा है। इससे समीकरण भी नया स्वरूप लेता नजर आ रहा है। वह कहते हैं, मोदी-योगी के काम से आम लोग खुश तो हैं, लेकिन भाजपा युवा और अच्छे छवि का प्रत्याशी न लाई तो सीट हाथ से निकल जाएगी। नरौली भट्टा नहसुतिया के पास मिले सतीश सिंह कहते हैं, मुद्दे से ज्यादा सपा और भाजपा के प्रत्याशी नतीजे तय करेंगे। अभी दोनों ही जगह दावेदारों पर फैसला बाकी है। वह यह भी जोड़ते हैं कि दोनों सीटों पर ध्रुवीकरण की तस्वीर भी बनने लगी है। ऐसे में दोनों सीटों पर सपा-भाजपा में सीधी लड़ाई हो सकती है।
गोंडा की सभी सात सीटों पर भाजपा का कब्जा है। जिले की सियासत पिछले कई वर्षों से भाजपा के कैसरगंज सांसद बृजभूषण शरण सिंह और सपा नेता व पूर्व मंत्री विनोद कुमार सिंह उर्फ पंडित सिंह के बीच केंद्रित थी। पिछले वर्ष कोविड काल में पंडित सिंह की मृत्यु के बाद सियासी समीकरण बृजभूषण पर केंद्रित हो गया है। मंडल के जिला पंचायत सदस्य से जिला पंचायत अध्यक्ष तक के चुनाव में उन्होंने अपनी धमक दिखाई है। गोंडा सदर से तरबगंज, मनकापुर, गौरा, मेहनौन, कटराबाजार और कर्नलगंज तक के भ्रमण में हर सीट पर भाजपा के समानांतर बृजभूषण की रणनीति नजर आई। हर सीट पर उनसे जुड़े लोगों की दावेदारी नजर आई, जो कई मौजूदा विधायकों की नींद उड़ाए हुए है। अयोध्या से सटे इस जिले में राशन-नकदी के साथ राम मंदिर निर्माण से लेकर वाराणसी के विश्वनाथ धाम के पुनर्निर्माण तक की कहानी लोग सुनाते हैं। पर, लोग यह भी कहना नहीं भूलते कि सिर्फ चुनाव में जनता के बीच जाने वाले विधायकों के टिकट न कटे, क्षेत्र न बदले और सामाजिक समीकरण साधने में पार्टी चूकी तो इस बार सपा की कई सीटें पक्की हैं। इन तर्कों में इसलिए भी दम दिखाई पड़ता है, क्योंकि सात में से तीन विधायकों के खिलाफ खुली नाराजगी जताते भाजपा समर्थक हमें कई चौराहों पर ही मिल गए।
मतदाताओं के दिल की बातें
- गोंडा के मनकापुर क्षेत्र अंतर्गत नवाबगंज के पास बालागंज के पास खेत में गन्ना काटते कई किसान मिल गए। कमला देवी, मोहिनी, रीता, राकेश साहू कहते हैं, छुट्टा जानवर खेती बर्बाद कर दे रहे हैं। तीन बीघे खेत की तारबंदी पर 10 हजार खर्च हुआ है। सरकार न जाने कहां गौशाला खोल रही है! छुट्टा जानवर पकड़ रही है! मेहनौन के परौतीलाल बाजार में रंजीत वर्मा, राम नाथ मौर्या, तुलसीराम मौर्या, विनोद कुमार, शिवराज मौर्या, लहरी व मनोज वर्मा अलाव पर सियासी चर्चा करते मिल गए। यहां सपा और भाजपा के दावेदारों की चर्चा छेड़ने पर विनोद बताते हैं कि वोट तो मोदी-योगी के नाम पर ही जाएगा, लेकिन फला टिकट पाएंगे तभी भाजपा जीतेगी।
- गौरा में पूर्व मंत्री राजा आनंद सिंह ने मौजूदा विधायक के खिलाफ चुनाव लड़ने का एलान कर दिया है। मसकनवा में मिले अर्जुन यादव कहते हैं, राजा सपा से आए तो लड़ाई कड़ी हो जाएगी। लोग महंगाई, बेरोजगारी व जातिवाद से परेशान हैं। इसी क्षेत्र के मछमरवा में मिले राधेश्याम कहते हैं कि सड़कें खूब बनी हैं। आवास, शौचालय, सम्मान निधि लोग पा रहे हैं। पेंशन बढ़ी है। गरीब-पिछड़े पूरी ताकत से मोदी के साथ हैं।
- करनैलगंज में मिले विपिन दुबे और संदीप यादव कहते हैं, यहां तो लल्ला भइया व योगेश भइया के परिवार में मुकाबला रहता आया है। इस बार दोनों पार्टियों में और भी दावेदार हैं। प्रत्याशी फाइनल हो तो समीकरण साफ हो। विपिन यह भी बताते हैं कि जिले में कुछ विधायक इधर से उधर किए जाएं तो भी बात बन सकती है।
- बलरामपुर चौराहे पर दिव्यांशु सिंह व उत्सव सिंह मिल गए। दिव्यांशु कहते हैं, सरकारी नौकरी मिल नहीं रही है। सब कुछ ठीक होने के बावजूद युवा सरकार के साथ नहीं है। हालांकि, उनके पास ही खड़े सरकारी कर्मचारी उनके चाचा कहते हैं, युवा नाराज जरूर हैं लेकिन जब वे समग्रता में बात करते हैं तो साथ नजर आते हैं।
- कैसरगंज क्षेत्र अंतर्गत मुस्तफाबाद चुरईपुरवा पहुंचे तो यहां मनोज वर्मा कौशल किशोर, पंकज कुमार, राजू व चंद्रसेन मिल गए। मनोज कहते हैं कि बड़े लोगन का मंत्री-विधायक देत हैं और छोटेन का सरकार। यह सरकार हर तरह से मददगार है। लड़ाई भाजपा, सपा व बसपा के बीच में होगी। इसी तरह मटेरा के नवादा में अंबरीष कुमार शुक्ला एडवोकेट कहते हैं, लोग योजनाओं से खुश हैं। वोट में इन सबका असर दिखेगा।
- कनपुरवा चौराहा पर मिले राजन शुक्ला कहते हैं, लड़के डिग्री-डिप्लोमा लिए परेशान हैं। बेरोजगारी बड़ी समस्या है। जब भर्ती निकालते हैं, कोई न कोई त्रुटि आ ही जाती है। युवा सपा के साथ नजर आ रहा है। महसी के उत्तम नगर में मिले शैलेंद्र कुमार शर्मा कहते हैं, कम पढ़े-लिखे तबके में राशन-रुपये का असर है, पढ़े-लिखे लोग महंगाई, बेरोजगारी भी देख रहे हैं। मटेरा के मैगला मोड़ (नेवादा) पर प्रदीप सिंह, कृष्ण बहादुर, रामकुमार साहू, रामजस साहू व श्रीराम से मुलाकात हुई। प्रदीप कहते हैं, पिछली बार सिर्फ 1595 वोट से जीत-हार हुई थी। इसलिए मुकाबला इस बार भी जोरदार रहने के आसार हैं।
- बहराइच के रहवा में मिले अनिल कहते हैं कि सरकार चना, नमक, चीनी, तेल, रुपये सब दे रही है। इसका काफी अच्छा असर दिख रहा है। बसपा के भी ज्यादातर वोटर भाजपा के साथ जा रहे हैं। जग प्रसाद कहते हैं, लड़ाई भाजपा-सपा में ही होगी।
- पयागपुर क्षेत्र के रानीपुर तिलक में मिले उदयराज वर्मा कहते हैं, फलां दावेदार को भाजपा ने टिकट दिया तो सीट फिर निकल जाएगी। सतीश चंद्र पांडेय व वासुदेव विश्वकर्मा कहते हैं कि कानून-व्यवस्था बेहतर हुई है। बिजली अच्छी मिल रही है। गरीब की मदद हो रही है। लेकिन, सपा के जिस दावेदार के टिकट मिलने की उम्मीद ज्यादा है, वह व्यक्तिगत व्यवहार के चलते भारी है। बलहा में रवींद्र प्रताप कहते हैं कि यह सीट सपा गठबंधन में दे सकती है। ऐसा हुआ तो भाजपा फिर बीस पड़ सकती है। महसी के मोगलहा में आकिब खां, अब्दुल हकीम, दिनेश मिले। आकिब कहते हैं, यहां सांप्रदायिक ध्रुवीकरण की कोशिश हो रही है।