लखनऊ। केजीएमयू के ट्रॉमा सेंटर के सामने नया ओपीडी कॉन्प्लेक्स बनेगा। सात मंजिला भवन में सभी विभागों की ओपीडी चलेगी। यह भवन संस्कृत पाठशाला की जमीन पर बनेगा। इसका ले आउट तैयार हो गया है। शासन से मंजूरी मिलते ही निर्माण शुरू हो जाएगा।
केजीएमयू की ओपीडी में हर दिन करीब सात से आठ हजार मरीज आ रहे हैं। संस्थान की ओपीडी अभी कई स्थानों पर संचालित हो रही है। इसमें नए ओपीडी ब्लॉक, कॉर्डियोलॉजी, गायनी, मानसिक, रेस्पिरेटरी मेडिसिन, आर्थोपैडिक्स, गठिया समेत दूसरे विभागों की ओपीडी का संचालन अलग-अलग भवनों में हो रहा है।
मरीजों की भीड़ के मुकाबले ओपीडी का नया भवन नाकाफी साबित हो रहा है। इस कारण केजीएमयू प्रशासन ने नया ओपीडी भवन बनाने का फैसला लिया है। कुलपति डॉ. सोनिया नित्यानंद ने बताया कि राजकीय बालिका इंटर कॉलेज व संस्कृत पाठशाला की 4.8 एकड़ भूमि सरकार ने केजीएमयू को मुफ्त मुहैया कराई है। इस पर केजीएमयू को विस्तार दिया जाएगा।
सात मंजिला भवन में हर डॉक्टर के कक्ष के आगे 200 से अधिक मरीज एक साथ बैठ सकेंगे। वेटिंग एरिया से लेकर कैंटीन तक की उचित व्यवस्था होगी। पार्किंग की उचित व्यवस्था होगी। कुलपति ने बताया कि नए भवन के लेआउट को शासन से मंजूरी मिलते ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।