मुंबई से वाहन पर मेडिसिन लिखकर 17 यात्रियों को लेकर जिले में पहुंचे मिनी ट्रक में एक युवक संदिग्ध दशा में मृत पाया गया। प्रशासन व पुलिस के अधिकारियों ने मिनी ट्रक को कब्जे में लेकर सीज कर दिया है। वाहन में मौजूद 16 यात्रियों को क्वारंटीन करा दिया है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों को रविवार रात एक मिनी ट्रक पर सवार एक यात्री के मौत की सूचना मिली। सूचना मिलने पर अमहट चौराहे पहुंचे एडीएम प्रशासन व एएसपी ने मिनी ट्रक को कब्जे में ले लिया। उस पर सवार अन्य 16 यात्रियों को नीचे उतारा गया।
प्रशासन के निर्देश पर मिनी ट्रक पर सवार सभी यात्रियों को फैसिलिटी सेंटर में क्वारंटीन करा दिया गया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। डीएम सी इंदुमती ने बताया कि मिनी ट्रक मुंबई से 17 प्रवासियों को लेकर पहुंचा था। चालक व परिचालक मिनी ट्रक पर आगे मेडिसिन लिखकर पुलिस व प्रशासन को रास्ते में झांसा देकर पहुंचे हैं। मिनी ट्रक में मृत मिला 45 वर्षीय धम्मौर ग्राम व थाने का रहने वाला युवक है।
बताया कि मिनी ट्रक को सीज कराते हुए चालक व कंडक्टर के खिलाफ कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज कराया गया है। मिनी ट्रक जौनपुर जनपद के इकोनी गांव थाना किराकत निवासी पंकज यादव का है। चालक महेंद्र प्रताप यादव भी इसी गांव का निवासी है जबकि कंडक्टर मंसूर अंसारी जौनपुर के बदलापुर थाना क्षेत्र के ऊदरपुरगेला गांव का है।