अस्पताल के बाहर मौजूद पुलिसकर्मी।
- फोटो : amar ujala
सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें लोहिया अस्पताल ले गई जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। गोली उसके बायीं कांख के नीचे पीठ की तरफ लगी थी। पुलिस ने छानबीन की लेकिन गोली कहां से आई? यह पता नहीं लग सका।
प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि फैमिली बाजार व अन्य जगहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इलाकाई लोगों ने बताया कि जिस जगह घटना हुई, वहां आसपास काफी बंदर उत्पात मचाते हैं। बंदर भगाने के लिए अक्सर एयरगन से लोग फायर करते हैं। रविवार को भी ऐसे ही किसी ने फायर किया होगा जिसमें से एक शॉट राजेश को लग गया होगा।
हालांकि, राजेश के शरीर पर लगा घाव एयरगन के छर्रे का नहीं लग रहा है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। फिलहाल, परिवारीजनों ने किसी पर आरोप नहीं लगाया है। न ही किसी से विवाद की जानकारी दी है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। फैमिली बाजार के कुछ कर्मचारियों सहित अन्य लोगों को थाना बुलाकर पूछताछ की जा रही है।
राजेश को गोली लगने की जानकारी पाकर उसकी पत्नी अर्चना रोते-पीटते लोहिया अस्पताल पहुंची। वहां पति की मौत का पता चलते ही उस पर आसमान टूट पड़ा। अर्चना बेसुध होकर सड़क पर ही गिर पड़ी। चेहरे पर पानी के छींटे मारकर उसे होश में लाया गया तो वह रोने-चीखने लगी। साथ आई महिला ने किसी तरह उसे संभाला।
चार से पांच फायर हुए, सीसीटीवी फुटेज में दिखे डंडे लेकर बंदरों को दौड़ाते लोग
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मौके पर चार से पांच फायर की आवाज सुनी गई थी। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज निकलवाई जिसमें कुछ बच्चे और युवक डंडे लेकर बंदरों को खदेड़ते नजर आ रहे हैं। कुछ लोग बंदरों पर पत्थर भी चलाते दिख रहे हैं। कोई भी ऐसा व्यक्ति नहीं दिख रहा जो एयरगन से बंदरों पर फायर कर रहा हो।