पंचायत चुनाव में मतदाताओं को लुभाने के लिए शराब के इस्तेमाल पर रोक नहीं लग पा रही है। क्षेत्र में गुरुवार रात एक प्रत्याशी की शराब व मीट की पार्टी में पीने के बाद एक वोटर की मौत हो गई। शनिवार को मृतक के भाई की सूचना पर पुलिस ने छानबीन शुरू की।
प्रधान पद के प्रत्याशी समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। इसमें प्रत्याशी को हिरासत में ले लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। यह घटना डलमऊ क्षेत्र में बलीपुर निवासी चतुरी (60) के साथ हुई।
वह अपने भाई रामलखन के साथ रहता था। रामलखन ने शनिवार को कोतवाली में दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि पूरे दीना मजरे बलीपुर गांव का राजेश उर्फ राजू ग्राम प्रधान का चुनाव लड़ रहा है। राजेश ने रात में उसके भाई को घर पर बुलाया था। उसे शराब पिलाई और मीट खिलाया। वहां अन्य लोग भी थे।
शराब पीने के बाद चतुरी की हालत बिगड़ गई। सूचना पर रामलखन मौके पर पहुंचा और भाई चतुरी को अस्पताल ले जा रहा था लेकिन रास्ते में ही मौत हो गई।