श्रावस्ती सोहेलवा जंगल से निकल कर आए एक तेंदुए ने रविवार रात बालू घोलिया गांव के मजरा बालू व घोलियां में दो गायों को मौत के घाट उतार दिया। इस दौरान जहां घोलिया में गाय को निवाला बनाया। वहीं बालू में गाय को मार कर ले जा रहा तेंदुआ ग्रामीणों के हाका लगाने के बाद छोड़ कर जंगल की ओर भाग गया। घटना के बाद गांव में दहशत फैल गई है।
सिरसिया थाना क्षेत्र का ग्राम बालू घोलिया सोहेलवा जंगल के पास स्थित है। जहां जंगल से रविवार रात निकलकर आए एक तेंदुए ने ग्राम घोलिया निवासी लक्ष्मी नारायण पुत्र प्रयाग दत्त के मड़हे मे बंधी गाय पर हमला बोल दिया और नोच कर खा गया। इसके बाद तेंदुए ने गांव के ही मजरा बालू निवासी ओमकार पुत्र राम नरेश की गाय को गर्दन पकड़ कर खेत में उठा ले गया।
इस दौरान गाय की चीख पर लाठी डंडा लेकर हाका लगाते हुए दौड़े ग्रामीणों को आता देख तेंदुआ गाय को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। घटना में गाय की मौत हो गई जिसके गर्दन पर तेंदुए के पंजे के निशान मौजूद थे।
ग्रामीणों की सूचना पर सोमवार सुबह पहुंचे रेंजर पूर्वी सोहेलवा अनिमेश वर्मा, वन दरोगा ज्वाला प्रसाद, दिनेश चौहान, वन रक्षक अखिलेश शर्मा, अजय कुमार, विवेक, विभूतिनाथ चौकी प्रभारी संदीप कुमार व एसएसबी से एसके यादव ने घटनास्थल का जायजा लिया। इस दौरान रेंजर ने ग्रामीणों से एहतियात बरतने की अपील की। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत फैल गई है।