लखनऊ। दुबग्गा इलाके में ठग ने एलआईसी गोल्ड गाड़ी में बैठाने का बहाना बनाकर युवक से सोने की चेन और दो अंगूठियां हड़प लीं। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
हरदोई के मोलिया शिवपाल निवासी धान कारोबारी अंकुल गुप्ता ने बताया कि 19 नवंबर की शाम करीब साढ़े चार बजे वह अपनी पत्नी मोहिनी गुप्ता और भाभी रेखा गुप्ता के साथ मेडिकल कॉलेज में बहन की बीमार सास को देखने आए थे। लौटते समय तीनों दुबग्गा चौराहे पर ऑटो का इंतजार कर रहे थे, तभी एक युवक उनके पास आया और हरदोई जाने का रास्ता पूछने लगा। बातचीत में उसने बताया कि उसकी एलआईसी गोल्ड गाड़ी पास ही खड़ी है और गोल्ड पहनकर उस गाड़ी में बैठना मना है। भरोसा दिलाते हुए वह अंकुल को सीतापुर बाईपास के पास गाड़ी दिखाने के बहाने ले गया। ठग ने अंकुल से सोने की चेन और दो अंगूठियां उतारकर लिफाफे में रखने को कहा। आरोपी ने लिफाफे पर टेप लगाकर वापस पकड़ा दिया और पेट्रोल पंप से गाड़ी लाने की बात कहकर गायब हो गया। करीब 15 मिनट इंतजार के बाद जब अंकुल ने लिफाफा खोला तो उसमें गहनों की जगह पत्थर और गिट्टी भरी हुई मिली। ठगी का एहसास होते ही पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। इंस्पेक्टर अभिनव वर्मा के मुताबिक आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।