रोजगार मेले में कंपनी प्रतिनिधियों ने समूह में साक्षात्कार लिया।
लखनऊ। राजधानी सहित लखनऊ जोन के राजकीय पॉलीटेक्निक संस्थानों में डिप्लोमा इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे युवाओं के लिए रोजगार मेले ने नई संभावनाओं के द्वार खोले हैं। अहमदाबाद स्थित टाटा मोटर्स कंपनी ने दो दिवसीय रोजगार मेले के दौरान करीब 1000 युवाओं का चयन 2.30 लाख रुपये सालाना पैकेज पर किया है। चयनित युवाओं को नौकरी के साथ आगे बीटेक इंजीनियरिंग की पढ़ाई का अवसर भी मिलेगा।
अमेठी निवासी अजय कुमार ने बताया कि वह राजकीय पॉलीटेक्निक से इलेक्ट्रिशियन ट्रेड में डिप्लोमा कर रहे हैं। रोजगार मेले में कंपनी प्रतिनिधियों ने समूह में साक्षात्कार लिया, जिसमें तकनीकी विषयों से जुड़े प्रश्न पूछे गए। चयन होने पर उन्हें टाटा मोटर्स से जुड़ने का अवसर मिला। मैकेनिकल डिप्लोमा के छात्र व चंदौली के शिवम कुमार ने कहा कि पढ़ाई के दौरान ही प्रतिष्ठित कंपनी में चयन होना उनके लिए गर्व की बात है। लखनऊ राजकीय पॉलीटेक्निक के प्रधानाचार्य एसएन सिंह ने बताया कि रोजगार मेले में परिसर के साथ अन्य राजकीय संस्थानों के विद्यार्थियों ने भी भाग लिया और बड़ी संख्या में युवाओं को लाभ मिला।
प्लेसमेंट अधिकारी डॉ. सत्यप्रकाश सोनी ने बताया कि टाटा मोटर्स की ओर से इंजीनियरिंग ट्रेनी के लगभग 2000 पदों के लिए 1800 से अधिक युवाओं का साक्षात्कार लिया गया। चयनित अभ्यर्थियों को 2.30 लाख रुपये वार्षिक पैकेज पर नियुक्ति दी गई है। उन्होंने बताया कि एक वर्ष की नौकरी पूरी करने के बाद युवाओं को कंपनी की ओर से बीटेक की निशुल्क पढ़ाई का अवसर मिलेगा। साथ ही मानदेय भी दिया जाएगा।
रोजगार मेला आज, अप्रेंटिसशिप पदों पर होगा चयन
डॉ. सत्यप्रकाश सोनी ने बताया कि शुक्रवार को परिसर में नोएडा की महालय कंपनी की ओर से अप्रेंटिसशिप और इंजीनियरिंग ट्रेनी के करीब 60 पदों के लिए साक्षात्कार आयोजित किया जाएगा। मैकेनिकल और इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के विद्यार्थी इसमें भाग ले सकते हैं। चयनित युवाओं को 17 हजार रुपये से अधिक मासिक मानदेय, रहने-खाने की सुविधा और मशीन ऑपरेटर का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।
रोजगार मेले में कंपनी प्रतिनिधियों ने समूह में साक्षात्कार लिया।
रोजगार मेले में कंपनी प्रतिनिधियों ने समूह में साक्षात्कार लिया।
रोजगार मेले में कंपनी प्रतिनिधियों ने समूह में साक्षात्कार लिया।