नगराम। ग्रामीण इलाकों के लोगों को लखनऊ से जोड़ने वाली मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा 15 दिन से ठप है। इससे नगराम व आसपास के गांवों के सैकड़ों यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। ग्रामीणों को जिला व तहसील मुख्यालय पहुंचने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
बस का संचालन बंद होने से ग्रामीणों को मजबूरन ऑटो व निजी टैक्सियों से यात्रा करनी पड़ रही है। इनका किराया तय है और सुरक्षा के भी इंतजाम नहीं हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं।
परिवहन विभाग ने हैदरगढ़ डिपो से मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा का संचालन नगराम से लखनऊ के बीच वाया गंगागंज शुरू किया था। इससे नगराम व सीमावर्ती रायबरेली व बाराबंकी जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों व हुसैनाबाद, करोरवा, हरदोईया, बहरौली, बजगहिया व रसूलपुर के अलावा कई गांवों के लोगों को जिला मुख्यालय, न्यायालय व तहसील मुख्यालय तक आने-जाने में सुविधा हुई थी।
ग्रामीण खरगापुर निवासी बृजेश कुमार, हरदोईया के रमेशचंद्र वर्मा तथा बहरौली के इदरीश ने बताया कि कैसरबाग बस स्टेशन से नगराम वाया गंगागंज होकर चलने वाली बस सेवा 15 दिन से बंद है। परिवहन विभाग के क्षेत्रीय प्रबंधक आरके. तिवारी ने बताया कि तकनीकी कारणों और चालकों की कमी के कारण कुछ दिन से बस का संचालन प्रभावित हुआ है। समस्या के समाधान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही सेवा फिर से शुरू कर दी जाएगी।