पॉलीटेक्निक काउंसलिंग में भाग ले रहे कैंडिडेट अब प्रदेश के किसी भी जिले में डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन करा सकेंगे। अब तक यह सुविधा उन्हें अपने परीक्षा केंद्र वाले जिले में ही मिल रही थी।
संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद के उपसचिव डॉ. सूर्यपाल सिंह ने बताया कि पॉलीटेक्निक काउंसलिंग के लिए प्रदेश में 56 काउंसलिंग सेंटर बनाए गए हैं।
इन पर ग्रुप-ए के अभ्यर्थियों की काउंसलिंग हो रही है। वहीं, ग्रुप-बी से ग्रुप-के के लिए सिर्फ 12 ही केंद्र बनाए गए थे, जिसके चलते कई काउंसलिंग सेंटर पर बहुत बड़ी संख्या में अभ्यर्थी पहुंच रहे थे।
तो इसलिए बने सेंटर्स
इससे होने वाली परेशानियों को दूर करने के लिए ये बदलाव किए गए हैं। पॉलीटेक्निक काउंसलिंग में बुधवार को प्रदेशभर में करीब आठ हजार अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया। इसके साथ ही रजिस्ट्रेशन कराने वाले कुल अभ्यर्थियों की संख्या बढ़कर करीब 59 हजार हो गई है।
20 तक होगी काउंसलिंग
उधर, संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद की ओर से दूसरे चरण की काउंसलिंग में रजिस्ट्रेशन और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की अंतिम तारीख बढ़ा दी गई है।
डॉ. सूर्यपाल सिंह ने बताया कि अब रजिस्ट्रेशन और वेरिफिकेशन की प्रक्रिया 20 जुलाई तक जारी रहेगी। दूसरी काउंसलिंग में भाग ले रहे अभ्यर्थियों के रजिस्ट्रेशन 16 जुलाई तक और पहली काउंसलिंग के छूटे हुए और कॉलेज पसंद न आने पर दोबारा काउंसलिंग में भाग ले रहे अभ्यर्थियों का रजिस्ट्रेशन 18 जुलाई तक होने थे।
वहीं, रजिस्ट्रेशन कराने वाले अभ्यर्थियों का डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन 18 जुलाई तक ही होना था।
उपसचिव डॉ. सिंह ने प्रदेश के सभी काउंसलिंग सेंटर प्रभारियों को इसके अनुसार व्यवस्था करने के लिए निर्देशित किया है।