संयुक्त स्नातक स्तरीय-2013 भर्ती टीयर टू परीक्षा के रिजल्ट में धांधली का आरोप लगाते हुए अभ्यर्थियों ने कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) दफ्तर पर बुधवार को जबरदस्त प्रदर्शन किया। एसएससी स्ट्रगल फोर्स के बैनर तले पहुंचे हजारों अभ्यर्थियों ने लाउदर रोड पर पूरी तरह से कब्जा जमा रखा था। इसकी वजह से वहां कई घंटे आवागमन पूरी तरह से बाधित रहा।
इसके अलावा भी अभ्यर्थियों ने कई जगह चक्काजाम किया तथा आयोग चेयरमैन का पुतला फूंका। पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल से वार्ता के बाद क्षेत्रीय निदेशक ने अभ्यर्थियों का मांगपत्र दिल्ली मुख्यालय भेज दिया। अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी कि यदि 48 घंटे में मांग नहीं मानी गई तो वे इससे भी बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
अभ्यर्थियों ने प्रधानमंत्री को पोस्टकार्ड भी लिखे। भारी भीड़ से वहां दिन भर तनाव बना रहा लेकिन अभ्यर्थी पूरी तरह से नियंत्रण में रहे और किसी प्रकार की अराजकता नहीं हुई। दोबारा आयोजित सीजीएल-2013 टीयर-2 परीक्षा में भी धांधली के आरोप लग रहे हैं। इस परीक्षा में ज्यादातर सफल अभ्यर्थी दिल्ली और हरियाणा के केंद्रों पर परीक्षा देने वाले हैं।
इसके अलावा पिछले साल की तुलना में कटआफ भी 100 अंक तक बढ़ गया है। ऐसे में एक बार फिर किसी गिरोह के सक्रिय होने का आरोप लगाते हुए अभ्यर्थी आंदोलनरत हैं। इसी क्रम में उन्होंने बुधवार को एसएससी दफ्तर पर धरना की घोषणा की थी।
एसएससी स्ट्रगल फोर्स के बैनर तले छात्र नेता चंदन सिंह, मनिंदर, निशांत, विकास पाठक आदि के प्रयास के साथ कोचिंग संचालकों की सक्रियता के बाद इस प्रदर्शन में भारी जमावड़े की आशंका जताई जा रही थी और वही हुआ। इसके अलावा आइसा ने भी धरना-प्रदर्शन की घोषणा की थी।
उसके अनुसार अलग-अलग मार्ग से जुलूस बनाकर एसएससी दफ्तर पर प्रतियोगियों के पहुंचने का क्रम सुबह 10 बजे ही शुरू हो गया। 11 बजे तक वहां बड़ी संख्या में अभ्यर्थी पहुंच गए। उन्होंने कार्यालय के बाहर ताला भी जड़ दिया। जबकि क्षेत्रीय निदेशक समेत अन्य अफसर और कर्मचारी बैठे हुए थे।
दिन में ढाई बजे तक चली सभा में अभ्यर्थियों का कहना था कि दोबारा परीक्षा कराने तथा सीबीआई जांच से नीचे उन्हें कुछ भी मंजूर नहीं है। पांच सूत्रीय मांग को लेकर डीजे हॉस्टल के सामने भी प्रतियोगियों ने चक्काजाम किया। इससे वहां भी काफी देर तक आवागमन बाधित रहा।
इसके अलावा सामाजिक एकता परिषद के बैनर तले अभ्यर्थियों ने बैंक रोड पर आयोग के चेयरमैन का पुतला दहन किया। परिषद के ओम प्रकाश शुक्ला ने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल करने तथा जरूरत पड़ने पर क्रमिक अनशन की भी चेतावनी दी।
हर तरफ से दबाव बढ़ने पर एसएससी दफ्तर पर पहुंचे एसीएम पुष्पराज सिंह और सीओ नीति द्विवेदी ने हस्तक्षेप कर अभ्यर्थियों के पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल से क्षेत्रीय निदेशक की वार्ता सुनिश्चित की। वार्ता के बाद बाहर निकले अभ्यर्थियों ने बताया कि क्षेत्रीय निदेशक ने सिर्फ परिणाम की पीडीएफ फाइल, टिकट नंबर आदि 48 घंटे में जारी करने का आश्वासन दिया है।
उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि उनकी मांग मुख्यालय भेज दी गई है। इसके बाद अभ्यर्थियों ने सभी मांगें पूरी करने के लिए 48 घंटे का समय देते हुए धरना समाप्त कर दिया। चंदन सिंह ने बताया कि पोस्टकार्ड लिखो अभियान भी शुरू किया गया है। तीन हजार अभ्यर्थियों ने पत्र लिखे हैं।