रुपईडीहा (बहराइच)। सीमा से सटे नेपाली इलाके में सोमवार को पाकिस्तानी नागरिक की गिरफ्तारी की पुष्टि होने के बाद भारतीय सीमा क्षेत्र में चौकसी बढ़ा दी गई है। सीमा पार करने वालों का ब्यौरा दर्ज किया जा रहा है। एसएसबी और पुलिस अधिकारियों का कहना है कि खुफिया एजेंसियां जांच में लगी हुई हैं। पूछताछ हो रही है।
भारतीय सीमा से सटे नेपालगंज के बांके जिले में सोमवार को पाकिस्तानी नागरिक सुबराती मकसूद जोलाह को पकड़ा गया था। उसके पास से पाकिस्तान के साथ ही नेपाल की नागरिकता का परिचय पत्र बरामद हुआ था। नेपाल की खुफिया एजेंसियों ने एनआईए द्वारा सुबराती मकसूद के मोस्ट वांटेड होने की बात बताई थी।
इस पर नेपाल के साथ ही भारतीय खुफिया एजेंसियों ने भी जांच शुरू की थी। एसएसबी के सहायक कमांडेंट जगजीत सिंह जगुवार ने बताया कि नेपाल में पाकिस्तानी नागरिक की गिरफ्तारी की सूचना मिली है। सीमा पर चौकसी बढ़ा दी गई है। सीमा पार करने वाले हर व्यक्ति का ब्यौरा दर्ज किया जा रहा है। इस मामले में गृह मंत्रालय को भी अवगत करा दिया गया है।
पाकिस्तान गया था पढ़ने
नेपाल में पकड़े गए संदिग्ध सुबराती मकसूद जोलाह के पास से नेपाल और पाकिस्तान का परिचय पत्र बरामद हुआ है। अब तक नेपाल की खुफियां एजेंसियों ने जांच की है।
उसके मुताबिक आरोपी सुबराती मकसूद दशक भर पूर्व नेपाल पढ़ने गया था। इस मामले में एनआईए के साथ ही अन्य खुफिया एजेंसियों को अवगत करा दिया गया है। वह अपने स्तर से जांच कर रही हैं। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
-जुगुल किशोर, एसपी, बहराइच
संदिग्ध दस्तावेजों की हो रही जांच
पाकिस्तानी नागरिक से पूछताछ हो रही है। भारतीय खुफिया एजेंसियों ने भी बंद कमरे में बातचीत की है। अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी।
भारत-नेपाल आपसी सहयोग से इन्वेस्टीगेशन कर रहे हैं। कुछ संदिग्ध अभिलेख बरामद हुए हैं। वे भी जांचे जा रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
-टेक बहादुर तमांग, एसपी, बांके नेपालगंज