आग में चार परिवार की गृहस्थी जली
बलरामपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के लहेरी ग्राम पंचायत के मजरा औरहिया में अज्ञात कारणों से लगी आग में चार घरों की गृहस्थी जलकर खाक हो गई है। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया।
घटना में एक लाख रुपये के सामान जलकर राख हो गए है। सूचना के बाद भी मौके पर फायर विभाग की टीम नहीं पहुंच सकी। हल्का लेखपाल ने क्षति का आंकलन किया है।
स्थानीय थाना क्षेत्र के औरहिया निवासी राजू ने बताया कि शनिवार की दोपहर उनके घर में अज्ञात कारणों से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने शेषमणि, सहजराम व शोभाराम के घरों को भी अपने आगोश में ले लिया।
मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। ग्रामीणों के मुताबिक घटना में एक लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना के बाद भी मौके पर फायर बिग्रेड की टीम नहीं पहुंच सकी है।
ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से अग्निकांड पीड़ितों से सहायता मुहैया कराने की मांग की है। हल्का लेखपाल वीरेंद्र कुमार मिश्र ने बताया कि मौके पर पहुंचकर उन्होंने क्षति का आंकलन किया है। रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है। शीघ्र ही सभी पीड़ितों को सहायता मुहैया कराई जाएगी।